—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*हटा के कुमी गांव में गैस सिलेंडर लीकेज से हादसा तीन लोग झुलसे*
दमोह। जिले के हटा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुमी में शनिवार अलसुबह गैस सिलेंडर लीकेज होने से बड़ा हादसा हो गया। गैस के रिसाव के कारण घर में गैस फैल गई और लाइटर जलाते ही अचानक आग भड़क उठी। इसके बाद तेज धमाके के साथ सिलेंडर ने आग पकड़ ली। हादसे में एक ही परिवार के दो महिलाओं सहित तीन लोग झुलस गए।
जानकारी के अनुसार ग्राम कुमी निवासी रामलाल पिता रामकृष्ण अठया, उम्र 47 वर्ष, ने बताया कि सुबह उनकी पत्नी तुलसा, उम्र 45 वर्ष, और बहू रोशनी पति नरेंद्र, उम्र 25 वर्ष, रसोई में गैस पर काम करने गई थीं। इसी दौरान गैस सिलेंडर से लीकेज होने के कारण रसोई सहित घर में गैस फैल गई।
बताया गया कि जैसे ही लाइटर जलाया गया, गैस ने आग पकड़ ली और अचानक तेज धमाका हुआ। आग की चपेट में आने से रामलाल, उनकी पत्नी तुलसा और बहू रोशनी झुलस गए।
हादसे के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकाला। स्थानीय लोगों ने 108 एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद तीनों घायलों को उपचार के लिए दमोह जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर पियूष निमाड़े द्वारा घायलों का उपचार किया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलने पर हटा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में हादसे का कारण गैस सिलेंडर से लीकेज के बाद घर में गैस का जमा होना बताया जा रहा है। पुलिस द्वारा घटना के अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।


















