—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ यातायात पुलिस की सख्त कार्रवाई तीन वाहन चालकों पर ₹43,500 का जुर्माना*

दमोह। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दमोह यातायात पुलिस द्वारा शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक श्री आनंद कलादगि (IPS) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुजीत सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन में यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक दलबीर मार्को के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा ड्रिंक एंड ड्राइव के मामलों में सख्ती से कार्रवाई की जा रही है।
अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए तीन वाहन चालकों के वाहनों को मोटर व्हीकल एक्ट के तहत जब्त कर प्रकरण तैयार किए। इसके बाद संबंधित प्रकरणों को वैधानिक कार्रवाई के लिए माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
माननीय न्यायालय द्वारा प्रकरणों की सुनवाई के बाद तीनों वाहन चालकों पर कुल ₹43,500 का अर्थदंड अधिरोपित किया गया। कार्रवाई में शामिल वाहनों और लगाए गए जुर्माने का विवरण इस प्रकार है—
– ट्रक क्रमांक UP 41 AT 7961 — ₹15,500 अर्थदंड
– आयशर वाहन क्रमांक MP 07 GA 9326 — ₹10,000 अर्थदंड
– कार क्रमांक MP 15 CA 4852 — ₹18,000 अर्थदंड
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शराब अथवा किसी भी प्रकार के नशे की स्थिति में वाहन चलाना स्वयं चालक के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के जीवन के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करता है। नशे की हालत में वाहन चालक का नियंत्रण और निर्णय लेने की क्षमता प्रभावित हो सकती है, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है।
दमोह पुलिस ने आम नागरिकों एवं वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें और किसी भी प्रकार का नशा करने के बाद वाहन न चलाएं। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई का अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

















