—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*जबेरा के सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में अंतिम श्रावण सोमवार पर उमड़ा आस्था का सैलाब*
दमोह/जबेरा श्रावण मास के चतुर्थ एवं अंतिम सोमवार को नगर के प्राचीन सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह 4 बजे से ही मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से गूंज उठा।
मंदिर के पुजारी पं. आनंद दुबे के अनुसार ब्रह्म मुहूर्त में भगवान सिद्धेश्वर महादेव का पंचामृत से अभिषेक कर विधिवत श्रृंगार किया गया। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच 11 यजमानों का सामूहिक रुद्राभिषेक संपन्न कराया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु सपत्नीक रुद्राभिषेक में शामिल हुए और क्षेत्र में अच्छी वर्षा, सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।
अंतिम श्रावण सोमवार होने के कारण मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या पिछले सोमवारों की अपेक्षा काफी अधिक रही। मंदिर समिति के अनुसार करीब 5 हजार से अधिक भक्तों ने भगवान भोलेनाथ का जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा और गंगाजल से अभिषेक किया। सुबह से ही महिलाओं और अन्य श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर समिति द्वारा जल और प्रसाद की व्यवस्था की गई। बरसात को देखते हुए मंदिर परिसर में सुरक्षा एवं छाया की व्यवस्था भी पहले से मौजूद रही।
दोपहर में भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। शाम को महाआरती के साथ श्रावण महोत्सव का विधिवत समापन किया गया।
पुजारी पं. आनंद दुबे ने कहा कि श्रावण का अंतिम सोमवार विशेष महत्व रखता है। इस दिन श्रद्धा और भक्ति के साथ भगवान शिव की आराधना करने से मन को शांति मिलती है और भक्त भगवान भोलेनाथ से सुख-समृद्धि एवं मंगल की कामना करते हैं।



















