—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*राज्यमंत्री लोधी की 121 किमी कांवड़ यात्रा पहुंची बांदकपुर कांवड़ियों के साथ किया जलाभिषेक*
दमोह। पंचवटी धाम, भेड़ाघाट से शुरू हुई 121 किलोमीटर लंबी पांच दिवसीय कांवड़ यात्रा देव श्री जागेश्वरनाथ धाम, बांदकपुर पहुंची। यहां राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी, उनके अनुज नीतेन्द्र सिंह एवं यात्रा के नेतृत्वकर्ता सत्येंद्र सिंह ने परिवारजनों तथा हजारों कांवड़ियों के साथ मां नर्मदा के पवित्र जल से भगवान जागेश्वरनाथ का जलाभिषेक किया।
यह कांवड़ यात्रा धार्मिक आस्था के साथ पांच प्रमुख सामाजिक संकल्पों—शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति, गौ संरक्षण और स्वच्छता—को केंद्र में रखकर आयोजित की गई। यात्रा के दौरान इन सामाजिक सरोकारों को लेकर विभिन्न जागरूकता अभियान भी चलाए गए।
यात्रा के मार्ग में जगह-जगह कांवड़ियों का भव्य स्वागत किया गया। प्रतिदिन दोपहर में सहभोज, रात्रिकालीन विश्राम तथा मेडिकल टीम सहित आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी की ओर से की गई। यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं के साथ विधायक, सांसद एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की।
राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि यह यात्रा केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं रही, बल्कि सामाजिक सरोकारों को समर्पित रही। उन्होंने बताया कि शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मार्ग में आने वाली शालाओं के छात्र-छात्राओं को निशुल्क पाठ्य सामग्री वितरित की गई। पर्यावरण संरक्षण के लिए विभिन्न स्थानों पर पौधरोपण किया गया। वहीं नशामुक्ति का संकल्प दिलाने के साथ गौसेवा और स्वच्छता अभियान भी चलाए गए।
यात्रा के नेतृत्वकर्ता सत्येंद्र सिंह ने कहा कि पांच दिनों तक हजारों कांवड़ियों ने उत्साह और श्रद्धा के साथ यात्रा में सहभागिता की। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान प्रतिदिन श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती गई। उन्होंने यात्रा को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों और कांवड़ियों के प्रति आभार व्यक्त किया।



















