—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*जबेरा के आनंद धाम मंदिर में चोरी का प्रयास, विफल होने पर मांस के टुकड़े फेंकने का आरोप*
*जबेरा से प्रवीण दुबे की रिपोर्ट*
*मंदिर परिसर में रह रहे स्वान पर धारदार हथियार से हमला, घटना के बाद हिंदू समाज में आक्रोश*
दमोह/जबेरा। नगर के प्रसिद्ध श्री आनंद धाम मंदिर में बुधवार देर रात चोरी के प्रयास और मंदिर परिसर में मांस के टुकड़े फेंके जाने की घटना सामने आई है। घटना के बाद नगर में आक्रोश का माहौल है। मामले को लेकर सकल हिंदू समाज के लोगों ने गुरुवार दोपहर जबेरा थाना पहुंचकर ज्ञापन सौंपते हुए आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब 11:30 बजे अज्ञात व्यक्ति द्वारा मंदिर के ताले तोड़कर अंदर प्रवेश करने का प्रयास किया गया। बताया जा रहा है कि आरोपी की नजर मंदिर की दान पेटी और मूर्तियों के आभूषणों पर थी। इसी दौरान मंदिर में विश्राम कर रहे पुजारी की नींद खुल गई। पुजारी द्वारा आवाज लगाने पर आरोपी घबरा गया और मौके से फरार हो गया।
स्वान के भौंकने पर धारदार हथियार से हमला
बताया गया कि मंदिर परिसर में रहने वाला स्वान आरोपी के प्रवेश करते ही जोर-जोर से भौंकने लगा। आरोप है कि इससे गुस्साए व्यक्ति ने स्वान पर धारदार हथियार से हमला कर उसे घायल कर दिया। इसके बावजूद स्वान के भौंकने से पुजारी जाग गए और संभावित बड़ी घटना टल गई।
चोरी में असफल होने के बाद आरोपी द्वारा मंदिर परिसर में किसी जानवर के मांस के टुकड़े फेंककर भागने का भी आरोप है। गुरुवार सुबह जब श्रद्धालु मंदिर पहुंचे तो परिसर में मांस के टुकड़े पड़े मिले। इसके बाद घटना की जानकारी तेजी से नगर में फैल गई।
हिंदू समाज ने थाने पहुंचकर सौंपा ज्ञापन
घटना से आक्रोशित सकल हिंदू समाज, जबेरा के सैकड़ों कार्यकर्ता और नगर के गणमान्य नागरिक पूज्यपाद दंडी स्वामी आनंद धाम पीठाधीश्वर श्री नर्मदानंद जी सरस्वती (श्री रंजितानंद जी) महाराज के नेतृत्व में जबेरा थाना पहुंचे और थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि—
घटना में शामिल आरोपी की पहचान कर 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया जाए।
मंदिर में चोरी के प्रयास और धार्मिक भावनाओं को आहत करने से संबंधित प्रावधानों के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
आनंद धाम सहित जबेरा नगर के प्रमुख मंदिरों में रात्रि गश्त बढ़ाई जाए।
मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए।
हिंदू समाज के प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि आरोपी की जल्द गिरफ्तारी नहीं होती है तो आंदोलन किया जाएगा और इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
वहीं, पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने ज्ञापन सौंपने पहुंचे लोगों को आरोपी की पहचान कर जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है। मामले में पुलिस जांच के बाद ही घटना से जुड़े तथ्यों और आरोपी की भूमिका की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

















