—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज दमोह—
*तेंदूखेड़ा में सूने मकान को बनाया निशाना, लाखों के आभूषण व नगदी पार*
तेंदूखेड़ा से मुकेश जैन की रिपोर्ट
दमोह/तेंदूखेड़ा। नगर में सूने मकानों को निशाना बनाने वाले चोरों ने एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। अज्ञात बदमाशों ने एक बंद घर में घुसकर सोने-चांदी के आभूषण और नगदी सहित करीब 2 से 3 लाख रुपये की चोरी कर ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अभिषेक उपाध्याय (42 वर्ष), पिता खूबनारायण उपाध्याय, निवासी वार्ड क्रमांक 11 पंचवटी मंदिर के पास, ने थाना तेंदूखेड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई है। वे जनपद पंचायत में डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर कार्यरत हैं।
प्रार्थी के अनुसार, 19 मार्च को वे अपने परिवार सहित नवरात्रि पूजन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दमोह गए हुए थे, जिसके कारण उनका घर पूरी तरह बंद था। 22 मार्च की शाम करीब 6 बजे जब वे वापस लौटे, तो घर के अंदर का नजारा देख दंग रह गए। घर का सामान बिखरा पड़ा था और गोदरेज अलमारी का लॉकर टूटा हुआ मिला।
अलमारी की जांच करने पर पता चला कि अज्ञात चोर सोने-चांदी के कीमती आभूषण और नगदी लेकर फरार हो चुके हैं। चोरी गए सामान में सोने का बड़ा रानीहार, दो चैन वाले मंगलसूत्र, पांच जोड़ी कान के टॉप्स, एक जोड़ी झुमके, पांच सोने की अंगूठियां, पांच जोड़ी चांदी की पायल सहित लगभग 2 लाख रुपये के आभूषण और करीब 50 हजार रुपये नगद शामिल हैं।
पीड़ित ने बताया कि चोरी गए सभी आभूषणों की पहचान वह और उनकी पत्नी आसानी से कर सकते हैं। प्रथम दृष्टया यह घटना सूने मकान का फायदा उठाकर की गई सुनियोजित चोरी प्रतीत हो रही है।
सूचना मिलते ही थाना तेंदूखेड़ा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम ने मौके का निरीक्षण किया है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश तेज कर दी गई है।
नगर निरीक्षक रविंद्र बागरी ने नागरिकों से अपील की है कि वे घर को लंबे समय तक खाली छोड़ने से पहले उचित सुरक्षा व्यवस्था करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।















































