—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*संकल्प का सम्मान 54 बार रक्तदान कर दीपक जैन ने पेश की मानव सेवा की मिसाल*

दमोह। मानव सेवा और सामाजिक सरोकार की भावना को अपने जीवन का संकल्प बनाकर लगातार रक्तदान करने वाले दीपक जैन ए पॉजिटिव, दमोह को जिला अस्पताल दमोह में आयोजित रक्तदान शिविर एवं सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया।
महामाया रक्तदान एवं जन्म कल्याण समिति द्वारा आयोजित कार्यक्रम में डिप्टी कलेक्टर एवं पथरिया एसडीएम श्री निकेत चौरसिया, तहसीलदार श्री राबिन जैन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राकेश राय, डॉ. सुधा राय, डॉ. प्रेमलता नीलम एवं डॉ. प्रशांत सोनी द्वारा दीपक जैन को प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान पत्र प्रदान कर उनके सेवा कार्य की सराहना की गई।
दीपक जैन अब तक 54 बार रक्तदान कर चुके हैं और उनका संकल्प है कि वे नियमित रूप से हर तीन माह में रक्तदान करते रहेंगे। इतना ही नहीं, उन्होंने मृत्यु के बाद देहदान एवं नेत्रदान का भी संकल्प लिया है। उनका यह निर्णय समाज में मानव सेवा और जनकल्याण के प्रति समर्पण का प्रेरणादायक उदाहरण है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद दीपक जैन ने कहा कि वे स्वयं को इस सेवा कार्य में केवल निमित्त मात्र मानते हैं। उन्होंने कहा कि रक्तदान उनके लिए किसी दिखावे का विषय नहीं, बल्कि मानवता के प्रति अपना कर्तव्य और फर्ज निभाने का माध्यम है। उन्होंने अपने इस सेवाभावी कार्य के लिए भगवान की कृपा, माता-पिता, परिवारजनों और सभी शुभचिंतकों के आशीर्वाद को महत्वपूर्ण बताया।
दीपक जैन ने कहा कि रक्तदान के माध्यम से किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाने से बड़ा कार्य कोई नहीं हो सकता। उन्होंने लोगों से भी आगे आकर नियमित रक्तदान करने और समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने की अपील की।
उनका संदेश है—“जीते जी रक्तदान, जाते-जाते नेत्रदान और देहदान।”
दीपक जैन का यह संकल्प न केवल मानव सेवा की भावना को मजबूत करता है, बल्कि युवाओं और समाज के अन्य लोगों को भी नियमित रक्तदान के लिए प्रेरित करता है। 54 बार रक्तदान के बाद भी उनका सेवा का संकल्प लगातार जारी है।



















