Home » अपराध » Mp » *प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना को जन-जन तक पहुंचाने बटियागढ़ में लगा ‘सेवा सेतु कैंप 14 उपभोक्ताओं ने कराया पंजीयन*

*प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना को जन-जन तक पहुंचाने बटियागढ़ में लगा ‘सेवा सेतु कैंप 14 उपभोक्ताओं ने कराया पंजीयन*

—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—

*प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना को जन-जन तक पहुंचाने बटियागढ़ में लगा ‘सेवा सेतु कैंप 14 उपभोक्ताओं ने कराया पंजीयन*

दमोह/बटियागढ़ प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को अधिक से अधिक नागरिकों तक पहुंचाने और पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाने के उद्देश्य से 25 सितंबर को वितरण केंद्र बटियागढ़

दमोह वृत्त में ‘सेवा सेतु कैंप’ का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अधीक्षण अभियंता अमित चौहान के मार्गदर्शन में किया गया।

कैंप का शुभारंभ भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष पं. नरेंद्र व्यास एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रतिनिधि पं. धर्मेंद्र कटारे द्वारा किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने पहुंचकर प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से संबंधित जानकारी प्राप्त की।

एक ही स्थान पर मिली योजना से जुड़ी जानकारी

सेवा सेतु कैंप में नागरिकों को घर की छत पर रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित करने की प्रक्रिया, योजना के तहत मिलने वाली सब्सिडी एवं प्रोत्साहन, ऑनलाइन पंजीयन और आवेदन प्रक्रिया तथा ऋण सुविधा के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।

अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उपभोक्ताओं की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए योजना का लाभ लेने के लिए आवश्यक प्रक्रिया और दस्तावेजों के संबंध में भी मार्गदर्शन प्रदान किया।

पंजीकृत वेंडर और SBI मैनेजर भी रहे मौजूद

शिविर में सोलर संयंत्र स्थापित करने वाले पंजीकृत वेंडरों तथा भारतीय स्टेट बैंक के मैनेजर को भी आमंत्रित किया गया। इससे इच्छुक उपभोक्ताओं को मौके पर ही सोलर संयंत्र की लागत, स्थापना प्रक्रिया, बैंक ऋण सुविधा और योजना से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध हो सकी।

शिविर के दौरान दोपहर 3 बजे तक 14 उपभोक्ताओं ने प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के अंतर्गत अपना पंजीयन कराया। विभाग द्वारा बताया गया कि ऐसे शिविरों का उद्देश्य उपभोक्ताओं को योजना की जानकारी उनके क्षेत्र में ही उपलब्ध कराकर अधिक से अधिक पात्र परिवारों को सौर ऊर्जा से जोड़ना है।

बिजली खर्च में कमी के साथ स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा

मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने सभी पात्र एवं इच्छुक उपभोक्ताओं से ‘सेवा सेतु कैंप’ का लाभ उठाते हुए प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से जुड़ने की अपील की है। योजना के माध्यम से उपभोक्ता अपने घर की छत पर रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित कर सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ बिजली के खर्च में कमी लाने की दिशा में कदम उठा सकते हैं।

इस अवसर पर युवा मोर्चा अध्यक्ष अंकित राजपूत, सरपंच प्रतिनिधि श्रीकांत पटैल, कार्यपालन अभियंता भोला प्रसाद पटैल, सहायक अभियंता आर.के. अरोरा, सहायक अभियंता संदीप पटैल, सोनू तिवारी सहित विद्युत विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं की उपस्थिति रही।

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This