—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*दमोह में आज से ओशो फेस्टिवल का आगाज जेल में बंदियों को कराया ध्यान*
*ध्यान शिविर के चौथे सीजन का रॉयल दमयंती पैलेस में होगा उद्घाटन देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे ओशो संन्यासी*


दमोह। शहर में ओशो फेस्टिवल ध्यान शिविर 2026 के सीजन-4 का आगाज आज 24 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे रॉयल दमयंती पैलेस होटल में आयोजित उद्घाटन समारोह के साथ होगा। कार्यक्रम में देशभर से आए ओशो संन्यासियों, दमोह के कॉलेजों के छात्र-छात्राओं, जिला अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों, शहर के ओशो प्रेमियों तथा गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में आयोजन की शुरुआत की जाएगी।
आयोजन से जुड़े सूत्रों के अनुसार, ध्यान शिविर में सहभागिता के लिए विभिन्न राज्यों से ओशो ध्यान एवं साधना से जुड़े फेसिलिटेटर दमोह पहुंच चुके हैं। इनमें रुड़की से स्वामी सागर, मुंबई से मां आरती राजदान, हिमाचल प्रदेश से स्वामी बोधी, पश्चिम बंगाल से स्वामी अक्षय विवेक तथा पुणे से मां अग्नि साक्षी शामिल हैं। ये सभी आयोजन के दौरान ध्यान, आत्म-जागरूकता और आंतरिक शांति से संबंधित गतिविधियों में सहभागिता करेंगे।
प्रेस वार्ता में दी जाएगी आयोजन की जानकारी
ओशो फेस्टिवल के उद्घाटन अवसर पर आज दोपहर 2 बजे शहर के पत्रकारों के साथ प्रेस वार्ता भी प्रस्तावित है। इसमें आयोजन से जुड़े फेसिलिटेटर ध्यान शिविर के उद्देश्य, कार्यक्रम की रूपरेखा तथा आयोजन से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी साझा करेंगे। शिविर के माध्यम से लोगों को ध्यान के प्रति जागरूक करने और दैनिक जीवन में मानसिक शांति एवं सकारात्मकता के महत्व से परिचित कराने का प्रयास किया जाएगा।
जिला जेल में बंदियों को कराया ओशो ध्यान
ओशो फेस्टिवल के कार्यक्रमों की कड़ी में 23 अक्टूबर 2026 को जिला जेल दमोह में विशेष ध्यान शिविर आयोजित किया गया। इसमें मुंबई से आईं ओशो संन्यासी एवं टैरो कार्ड रीडर मां आरती राजदान ने बंदियों को ओशो ध्यान के विभिन्न प्रयोग कराए।
ध्यान सत्र के दौरान बंदियों को तनाव से मुक्ति, आत्म-जागरूकता और सकारात्मक सोच के महत्व से परिचित कराया गया। मां आरती राजदान ने ध्यान के माध्यम से अपने भीतर शांति अनुभव करने तथा जीवन को एक नए दृष्टिकोण से देखने के लिए प्रेरित किया। शिविर का उद्देश्य बंदियों को मानसिक शांति की दिशा में प्रेरित करना और उनके भीतर सकारात्मक बदलाव की संभावनाओं को प्रोत्साहित करना रहा।
जेल प्रशासन एवं गणमान्य नागरिक रहे उपस्थित
जिला जेल में आयोजित इस कार्यक्रम में जेल अधीक्षक एम.एल. पटैल, जिला अभियोजन अधिकारी धर्मेन्द्र सिंह तारन, स्वामी चंद्रशेखर राय, स्वामी अनंत देव आकाश, पत्रकार संजय मौर्य, राष्ट्रीय चित्रकार काजल जी सहित जेल स्टाफ एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर जेल प्रशासन ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। ओशो फेस्टिवल के अंतर्गत आयोजित इस ध्यान सत्र को बंदियों के मानसिक स्वास्थ्य, आत्मचिंतन और सकारात्मक जीवन दृष्टिकोण को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक पहल के रूप में देखा जा रहा है।

















