गोली मारकर हत्या: आरोपी गिरफ्तार
दमोह जिले के देहात थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम बालाकोट में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई है।
मृतक की पहचान गुड्डू पिता भूरे सिंह गौड़ (उम्र 30 वर्ष) के रूप में हुई है, जो महुआ सेमरा थाना रहली का रहने वाला था।
गुड्डू अपने साथियों के साथ बालाकोट में अपने रिश्तेदार के यहां आया था।
पुलिस के अनुसार, यह घटना शनिवार रात करीब 9 बजे हुई। बताया जा रहा है कि आरोपी भुरई उर्फ भूरे लोधी, जो बालाकोट का ही निवासी है, के साथ किसी तात्कालिक विवाद के कारण यह घटना हुई।
आरोपी ने 12 बोर की बंदूक से गुड्डू पर गोली चलाई, जिससे उसके सिर, हाथ और कमर पर छर्रे लगे और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
आरोपी भुरई लोधी पहले भी हत्या के एक मामले में 20 साल की सजा काट चुका है और हाल ही में जेल से बाहर आया था।
घटना की जानकारी मिलने के बाद, सीएसपी एच. आर. पांडे और जबलपुर नाका चौकी प्रभारी प्रशीता कुर्मी सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने पोस्टमार्टम किया। पुलिस ने आरोपी भुरई को गिरफ्तार कर लिया है
और आगे की कार्रवाई जारी है।













































