—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*बिजली चोरी और अनावश्यक लोड बना संकट, एक सप्ताह में दो बार फेल हुआ 200 केवीए ट्रांसफार्मर*
*सुल्तानी व करके मोहल्ला में विद्युत विभाग का सघन चेकिंग अभियान, दर्जनों हीटर जब्त*
दमोह शहर में बिजली चोरी और अनियंत्रित विद्युत उपयोग के चलते विद्युत व्यवस्था पर गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। सुल्तानी मोहल्ला एवं करके मोहल्ला क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति हेतु स्थापित 200 केवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर मात्र एक सप्ताह के भीतर दो बार क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे क्षेत्र की बिजली व्यवस्था बार-बार ठप होती रही।
इसका सीधा असर वैध और नियमित उपभोक्ताओं पर पड़ा, जिन्हें घंटों बिजली कटौती और बार-बार फॉल्ट की समस्या से जूझना पड़ा l जानकारी के अनुसार ट्रांसफार्मर के बार-बार फेल होने के पीछे बिजली चोरी और अत्यधिक लोड मुख्य कारण सामने आया।
ट्रांसफार्मर से जुड़े केबल भी कई बार टूटे, जिससे सप्लाई बहाल करने में विभाग को बार-बार तकनीकी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लगातार शिकायतें मिलने के बाद विद्युत विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्र में सघन जांच का निर्णय लिया।
*वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर चला अभियान*
स्थिति की समीक्षा के उपरांत कार्यपालन अभियंता श्री एम.एल. साहू के निर्देश पर एवं सहायक अभियंता श्री राघवेन्द्र इडिपाचे के मार्गदर्शन में 25 दिसंबर 2025 को सुल्तानी मोहल्ला और करके मोहल्ला में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के लिए कनिष्ठ अभियंता श्रीमती पूजा खोब्रागडे, कनिष्ठ अभियंता कु. शिवानी गुप्ता, लाइनमेन एवं आउटसोर्स कर्मचारियों की संयुक्त टीम गठित की गई।
*घरों में मिले भारी क्षमता वाले हीटर*
जांच के दौरान यह सामने आया कि बड़ी संख्या में घरों में अत्यधिक क्षमता वाले इलेक्ट्रिक हीटर लगातार चलाए जा रहे थे। कई स्थानों पर हीटर अवैध कनेक्शन या सीधे केबल से चोरी की बिजली से संचालित पाए गए।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार यही कारण ट्रांसफार्मर पर अत्यधिक दबाव, केबल जलने और बार-बार फॉल्ट का कारण बना। दर्जनों हीटर जब्त, प्रकरण दर्ज सघन चेकिंग के दौरान विद्युत विभाग की टीम ने मौके से दर्जनों इलेक्ट्रिक हीटर जब्त किए।
प्रत्येक प्रकरण में विधिवत पंचनामा तैयार कर संबंधित उपभोक्ताओं के विरुद्ध कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान कुछ उपभोक्ताओं द्वारा हीटर छिपाने अथवा हटाने का प्रयास किया गया, लेकिन विभागीय टीम ने सतर्कता बरतते हुए साक्ष्यों के आधार पर जप्ती एवं वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की।
*विद्युत अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई*
इस संबंध में जानकारी देते हुए सहायक अभियंता राघवेन्द्र इडिपाचे ने बताया कि सर्दी के मौसम में हीटरों के अत्यधिक एवं अवैध उपयोग से ट्रांसफार्मर, केबल तथा अन्य विद्युत उपकरणों को भारी नुकसान पहुंच रहा है।
जांच में बड़े पैमाने पर बिजली चोरी के मामले सामने आए हैं, जिन पर विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर सामग्री जब्त की गई है।
कार्रवाई आगे भी रहेगी जारी वहीं कार्यपालन अभियंता एम.एल. साहू ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बिजली चोरी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस प्रकार के सघन चेकिंग अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे केवल वैध विद्युत कनेक्शन का उपयोग करें, अनावश्यक लोड से बचें और विभाग का सहयोग करें, ताकि क्षेत्र में निर्बाध, सुरक्षित और स्थायी विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।














































