—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*हटा पुलिस की कार्रवाई के साथ-साथ डायल 112 के पुलिसकर्मियों की भूमिका और घटना के समय की गई मेडिकल जांच को लेकर भी सवाल उठना स्वाभाविक है*
*हटा में डायल 112 विवाद: आरोपी की गिरफ्तारी के बाद भी कई सवाल अनुत्तरित, वायरल वीडियो की निष्पक्ष जांच की मांग*
*पुलिसकर्मियों से अभद्रता और वाहन की चाबी निकालने के आरोप में गिरफ्तारी, लेकिन घटना के समय पायलट और पुलिस स्टाफ का तत्काल मेडिकल परीक्षण हुआ था या नहीं? जनहित में उठ रहे सवाल*

दमोह/हटा। हटा थाना क्षेत्र में डायल 112 के पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता, गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और शासकीय कार्य में बाधा डालने के आरोप में पुलिस द्वारा जुबेर खान को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की गई है।
पुलिस की ओर से जारी जानकारी के अनुसार आरोपी ने डायल 112 वाहन का रास्ता रोका, पायलट के साथ धक्का-मुक्की की और वाहन की चाबी निकालकर पुलिसकर्मियों को जान से मारने की धमकी दी।
हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम में पुलिस की कार्रवाई के साथ कुछ ऐसे सवाल भी सामने आ रहे हैं, जिनका जवाब संबंधित अधिकारियों को देना चाहिए।
खासतौर पर घटना के समय मौजूद पुलिसकर्मियों की स्थिति, मेडिकल परीक्षण और सामने आए वीडियो की सत्यता को लेकर जनहित में निष्पक्ष जांच आवश्यक दिखाई देती है।
घटना के समय मेडिकल परीक्षण कराया गया था या नहीं?
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब 9 नवंबर 2026 को शाम करीब 6:30 बजे यह घटनाक्रम हुआ, तब डायल 112 के पायलट अजहर खान और मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों का तत्काल मेडिकल परीक्षण कराया गया था या नहीं?
यदि पायलट पर शराब पीकर ड्यूटी करने का आरोप लगाया गया था, तो क्या पुलिस विभाग ने इस आरोप को गंभीरता से लेते हुए तत्काल उनका मुलाहिजा अथवा मेडिकल परीक्षण कराया था? क्या संबंधित आरक्षक एवं अन्य पुलिस कर्मचारियों की भी मेडिकल जांच कराई गई थी?
घटना के समय की परिस्थितियों और पुलिसकर्मियों की स्थिति को लेकर भी कुछ सवाल उठाए जा रहे हैं। यदि किसी पुलिसकर्मी की कार्यक्षमता या व्यवहार को लेकर शिकायत सामने आई थी, तो उसकी निष्पक्ष जांच होना आवश्यक है। केवल आरोप के आधार पर किसी को दोषी या निर्दोष मान लेना उचित नहीं होगा।
*दो दिन बाद सामने आए वीडियो आरोपी के संदिग्ध परिस्थित ने बढ़ाए सवाल*
इस मामले में एक और महत्वपूर्ण पहलू सामने आया है। बताया जा रहा है कि घटना के लगभग दो दिन बाद आरोपी पक्ष की ओर से एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया।
इस वीडियो में आरोपी द्वारा मेडिकल परीक्षण कराने की बात कही जा रही है। ऐसे में सवाल उठता है कि यदि घटना के समय मेडिकल परीक्षण की आवश्यकता थी, तो तत्काल जांच क्यों नहीं कराई गई? क्या संबंधित अधिकारियों ने इस दिशा में कोई कार्रवाई की थी?
दूसरा सवाल यह भी है कि पुलिस की शिकायत में डायल 112 वाहन की चाबी निकालने की बात कही गई है। क्या इस घटना का कोई स्पष्ट वीडियो प्रमाण उपलब्ध है? यदि वीडियो उपलब्ध है, तो उसमें चाबी निकालने की घटना स्पष्ट रूप से दिखाई देती है या नहीं? यदि नहीं, तो इस तथ्य की पुष्टि किन साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर की गई है?
इन सभी बिंदुओं की जांच आवश्यक है, ताकि पुलिस की शिकायत और वायरल वीडियो दोनों की वास्तविकता सामने आ सके।
हालांकि पत्रकारिता होने के संबंध में मेरा सवाल है कि मेरा किसी भी विक्टिम से किसी प्रकार का पारिवारिक या सामाजिक संबंध नहीं है सिर्फ मेरा मकसद है की निष्पक्षता से जांच हो
*संबंधित अधिकारियों से जनहित में सीधे सवाल*
1. क्या घटना के तत्काल बाद डायल 112 के पायलट का मेडिकल परीक्षण कराया गया था?
2. क्या डायल 112 में तैनात आरक्षक एवं अन्य पुलिस कर्मचारियों का भी मुलाहिजा कराया गया था?
3. यदि पायलट पर शराब पीकर ड्यूटी करने का आरोप लगाया गया था, तो उसकी जांच रिपोर्ट क्या है?
4. क्या डायल 112 वाहन की चाबी निकालने की घटना का कोई प्रत्यक्ष वीडियो या अन्य तकनीकी साक्ष्य पुलिस के पास उपलब्ध है?
5. घटना के लगभग दो दिन बाद सामने आए वीडियो की पुलिस ने जांच की है या नहीं?
6. क्या आरोपी पक्ष द्वारा प्रस्तुत वीडियो और पुलिस की शिकायत में दर्ज घटनाक्रम का मिलान कराया गया है?
मनमानी नहीं, निष्पक्ष जांच और पारदर्शिता जरूरी
यह मामला केवल पुलिस और एक व्यक्ति के बीच हुए विवाद तक सीमित नहीं रहना चाहिए। यदि पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता हुई है, शासकीय कार्य में बाधा डाली गई है और धमकी दी गई है, तो कानून के अनुसार कार्रवाई होना चाहिए।
वहीं यदि डायल 112 के पुलिसकर्मियों की ड्यूटी, व्यवहार अथवा मेडिकल परीक्षण को लेकर सवाल हैं, तो उनकी भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
कानून सभी के लिए समान है। पुलिसकर्मियों की सुरक्षा और सम्मान जितना जरूरी है, उतना ही जरूरी आम नागरिकों के अधिकारों और शिकायतों को सुनना भी है।
हमारा संबंधित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों से सीधा सवाल है कि क्या इस पूरे मामले की जांच सभी उपलब्ध साक्ष्यों, वीडियो, गवाहों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर की गई है?
दमोह में मनमानी नहीं चलेगी जनता को कार्रवाई के साथ-साथ पारदर्शिता और सच्चाई भी चाहिए।
इसलिए इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति सार्वजनिक की जानी चाहिए, ताकि किसी निर्दोष के साथ अन्याय न हो और दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई हो सके।
*एमपी अपडेट न्यूज़ सदा सभी के साथ है*














