—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*सेवा संकल्प अभियान के तहत कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास रजपुरा में विविध कार्यक्रम*
*चित्रकला, पेंटिंग रंगोली एवं विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता में छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा हटा विधायक उमादेवी खटीक ने किया सम्मान*
दमोह/रजपुरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास रजपुरा में विभिन्न रचनात्मक एवं शैक्षणिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने चित्रकला, पेंटिंग, रंगोली तथा विज्ञान मॉडल प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि हटा विधायक श्रीमती उमादेवी खटीक रहीं। उन्होंने छात्रावास में छात्राओं द्वारा तैयार की गई आकर्षक रंगोलियों, चित्रकला एवं विज्ञान मॉडल की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। छात्राओं द्वारा तैयार किए गए विभिन्न मॉडलों और कलाकृतियों की सराहना करते हुए विधायक ने बेहतर प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत रूप से मां सरस्वती के पूजन, चित्र पर माल्यार्पण एवं कन्या पूजन के साथ किया गया। इसके बाद संस्था की ओर से अतिथियों का स्वागत किया गया। छात्राओं ने भी अतिथियों का उत्साहपूर्वक स्वागत करते हुए कार्यक्रम में अपनी भागीदारी निभाई।
पढ़ाई के साथ प्रतिभा निखारने का दिया संदेश
हटा विधायक उमादेवी खटीक ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि बेटियां मेहनत और लगन के साथ निरंतर पढ़ाई करें तथा शिक्षा के माध्यम से अपने भविष्य को बेहतर बनाएं। उन्होंने छात्राओं से अनुशासन के साथ आगे बढ़ने और अपने माता-पिता एवं गुरुजनों का सम्मान करने की अपील की।
वहीं भाजपा जिला उपाध्यक्ष पंडित लक्ष्मण प्रसाद तिवारी ने छात्राओं को शिक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए मेहनत, संस्कार और अनुशासन जरूरी हैं। उन्होंने बेटियों से माता-पिता की आज्ञा का पालन करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं द्वारा प्रस्तुत रंगोली, चित्रकला, पेंटिंग और विज्ञान मॉडल आकर्षण का केंद्र रहे। अतिथियों ने छात्राओं की रचनात्मक प्रतिभा की सराहना की और उन्हें इसी प्रकार अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में छात्रावास अधीक्षका चंद्रकिरण खरे कमलेश चौधरी, हेतेराम पटेल, संतोष अग्रवाल, रामचंद्र यादव, नारायणपुरा सरपंच जशवेंद्र यादव, सचिव भगवान सिंह, चंद्रकिरण खरे, साक्षी बड़ेरिया, थाना प्रभारी शिव नारायण यादव, जनशिक्षक गोपी तंतवाय सहित छात्रावास का स्टाफ, अभय जैन, अमर जैन एवं अन्य गणमान्यजन मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में छात्राओं एवं आयोजन से जुड़े सभी लोगों का आभार व्यक्त किया गया।






















