—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*बांदकपुर में पेट्रोल पंप संचालन को लेकर प्रशासनिक जांच, मौके पर पहुंची अधिकारियों की टीम*
*श्री जागेश्वर नाथ मंदिर की भूमि पर संचालित पेट्रोल पंप की लीज अवधि समाप्त होने के बाद कार्रवाई पंप बंद कर लगाए गए ताले*


दमोह/बांदकपुर। श्री जागेश्वर नाथ मंदिर, बांदकपुर की भूमि पर पिछले करीब 20 वर्षों से संचालित पेट्रोल पंप की लीज अवधि समाप्त होने के बाद उसके संचालन को लेकर प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई शुरू हो गई है। जानकारी के अनुसार पेट्रोल पंप की लीज 30 सितंबर 2026 को समाप्त हो गई थी। इसके बावजूद 1 अक्टूबर तक पेट्रोल पंप का संचालन जारी रहने की शिकायत सामने आने के बाद मामला प्रशासन के संज्ञान में पहुंचा।
बताया गया है कि मंदिर की भूमि पर पेट्रोल पंप का संचालन करीब 600 रुपये प्रतिमाह की लीज राशि पर किया जा रहा था। लीज अवधि समाप्त होने के बाद मंदिर ट्रस्ट कमेटी द्वारा जिला प्रशासन को पत्र भेजकर मामले की जानकारी दी गई और संबंधित पेट्रोल पंप संचालक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया गया।
ट्रस्ट कमेटी के पत्राचार के बाद दमोह से प्रशासनिक अधिकारियों की टीम बांदकपुर स्थित पेट्रोल पंप पहुंची। अधिकारियों की मौजूदगी में पेट्रोल पंप के संचालन को बंद कराया गया और मौके पर ताले लगाए गए। इस दौरान अधिकारियों द्वारा संबंधित दस्तावेजों एवं लीज से जुड़े अभिलेखों की जांच की जा रही है।
मामले में यह भी देखा जा रहा है कि लीज की शर्तें क्या थीं, लीज अवधि समाप्त होने के बाद पेट्रोल पंप संचालन को लेकर क्या स्थिति रही तथा मंदिर की भूमि के संबंध में आगे की प्रक्रिया क्या होगी। प्रशासनिक जांच पूरी होने के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
गौरतलब है कि श्री जागेश्वर नाथ मंदिर की भूमि से संबंधित पेट्रोल पंप के संचालन को लेकर पूर्व में भी चर्चा होती रही है। अब लीज अवधि समाप्त होने के बाद प्रशासनिक स्तर पर हुई कार्रवाई से मामले ने एक बार फिर ध्यान आकर्षित किया है।
फिलहाल प्रशासनिक टीम द्वारा मौके पर जांच की जा रही है। जांच के निष्कर्ष और संबंधित अभिलेखों के परीक्षण के बाद ही आगे की कार्रवाई के संबंध में स्थिति स्पष्ट होगी l

















