—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*गांधी एवं शास्त्री जयंती पर ‘लक्ष्य दमोह’ ने शहजादपुरा में किया वृक्षारोपण*
*अशोक के पांच पौधे रोपकर संरक्षण का लिया संकल्प, पर्यावरण संरक्षण के लिए ग्रामीणों को किया जागरूक*
दमोह/ बटयागढ़ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर सामाजिक संस्था ‘लक्ष्य दमोह’ द्वारा ग्राम पंचायत शहजादपुरा स्थित स्थानीय गौशाला परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए परिसर में अशोक के पांच पौधे रोपे गए तथा उनके नियमित संरक्षण एवं देखभाल का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर ‘लक्ष्य दमोह’ के जिला मीडिया प्रभारी साहब सिंह, भगवान सिंह एवं पीएलवी रूपेन्द्र सिंह सहित अन्य उपस्थित लोगों ने पौधारोपण किया। कार्यक्रम में ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए अधिक से अधिक संख्या में पौधे लगाने और रोपे गए पौधों की नियमित देखभाल करने का संदेश दिया गया।
पीएलवी रूपेन्द्र सिंह ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों को स्मरण करते हुए प्रकृति एवं पर्यावरण की सेवा करना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि संस्था का प्रयास है कि आने वाले समय में तहसील के विभिन्न शासकीय कार्यालयों, मंदिरों, मुक्तिधामों एवं सार्वजनिक स्थलों पर भी पौधारोपण किया जाए, ताकि आज लगाए गए पौधे भविष्य में लोगों को शीतल छांव प्रदान कर सकें और पर्यावरण को बेहतर बनाने में योगदान दें।
साहब सिंह एवं भगवान सिंह ने कहा कि शुभ अवसरों को केवल औपचारिक रूप से मनाने के बजाय उन्हें पर्यावरण संरक्षण से जोड़ना चाहिए। जन्मदिन, वर्षगांठ अथवा अन्य शुभ अवसरों पर पौधारोपण कर उनकी देखभाल करने से समाज में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित होगी।
कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों से अपील की गई कि वे अपने आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाएं और उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित करें। वक्ताओं ने कहा कि हरियाली बढ़ाने के सामूहिक प्रयासों से आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं बेहतर पर्यावरण तैयार किया जा सकता है।



















