—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
जिनेश जैन की रिपोर्ट
ग्राम पुरा में दुर्गौत्सव समिति का भव्य आयोजन, हवन-पूजन, कन्या भोज एवं दिव्य विसर्जन की तैयारी

ग्राम पुरा (दमोह)। शारदीय नवरात्र के अवसर पर ग्राम पुरा में बालक दुर्गौत्सव समिति के तत्वावधान में एक भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन संपन्न हुआ। इस आयोजन में ग्राम सरपंच दयाराम पटेल, समिति सचिव मुन्नालाल पटेल, पूर्व सरपंच ऋषि पटेल सहित समस्त ग्राम पंचायत ने सक्रिय भूमिका निभाई।
हवन-पूजन से हुई शुरुआत
सुबह मंदिर प्रांगण में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत हवन एवं पूजन संपन्न कराया गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण श्रद्धालुओं ने आस्था और भक्ति भाव से इसमें भाग लिया।
विशाल कन्या भोज का आयोजन
नवरात्रि की परंपरा के अनुसार समिति द्वारा विशाल कन्या भोज कार्यक्रम आयोजित किया गया। सैकड़ों बालिकाओं एवं महिलाओं ने प्रसाद ग्रहण कर मां दुर्गा का आशीर्वाद प्राप्त किया। ग्रामीणों ने इसे गांव में एकता और सामूहिक श्रद्धा का प्रतीक बताया।
मंत्री लखन से मिली सौगात
कार्यक्रम में उपस्थित मंत्री लखन ने ग्राम के मंदिर प्रांगण में टीन शेड निर्माण हेतु तीन लाख रुपये की राशि प्रदान की। इस घोषणा से ग्रामवासी उत्साहित हो उठे और मंत्री का आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने बताया कि टीन शेड बनने से भविष्य में धार्मिक व सामाजिक कार्यक्रमों में सुविधा होगी।
कार्यक्रम संचालन और सांस्कृतिक प्रस्तुति
समारोह का कुशल संचालन अनिकेत पटेल और अनमोल सिंह ठाकुर द्वारा किया गया। मंच पर विशेष आकर्षण का केंद्र कलाकारों द्वारा प्रस्तुत चक्र कला प्रदर्शन रहा, जिसमें कलाकारों ने अपनी अद्भुत कला से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
बच्चों में उत्साह और विसर्जन की तैयारी
गांव के बच्चों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ कार्यक्रम में भाग लिया। वे अब मां दुर्गा की प्रतिमा के दिव्य विसर्जन की तैयारी में जुटे हुए हैं। पूरे गांव का माहौल भक्ति और आनंद से सराबोर दिखाई दे रहा है।
















































