हिंडोरिया से सुजात खान की रिपोर्ट
—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
म.प्र. एकता परिषद का प्रतिनिधिमंडल कलेक्टर से मिला, दीपावली पश्चात भूमि एवं विस्थापन मुद्दों पर होगी जिला स्तरीय बैठक
दमोह। भूमि एवं आजीविका से जुड़े मुद्दों को लेकर मध्यप्रदेश एकता परिषद जिला दमोह इकाई का प्रतिनिधिमंडल गुरुवार दोपहर 1 बजे कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने 11 बिंदुओं पर ज्ञापन सौंपकर विस्तार से चर्चा की।
कलेक्टर ने वनभूमि, राजस्व भूमि अधिकार और विस्थापन जैसे प्रमुख मुद्दों के स्थायी समाधान के लिए दीपावली के बाद जिला स्तरीय समन्वय बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया। इस दौरान आदिम जाति कल्याण विभाग की संयोजिका आदित्यनाथ शाण्डिल्य भी उपस्थित रहीं।
पूर्व राज्य समन्वयक सुजात खान और भूमि अधिकार संघर्ष मोर्चा के जिला अध्यक्ष शिवलाल आदिवासी ने बताया कि हटा, पटेरा, तेंदूखेड़ा, जबेरा, बटियागढ़ सहित विभिन्न ब्लॉकों से लगभग 26 सक्रिय मुखिया साथी प्रतिनिधिमंडल में शामिल हुए। कलेक्टर ने सभी की बातें गंभीरता से सुनीं और विभागीय सहयोग का आश्वासन दिया।
बैठक में वन अधिकार कानून, भू-राजस्व सुधार, चरनोई भूमि पट्टा सीमांकन, त्रुटिपूर्ण वन पत्रों में सुधार, वन पत्रधारकों को शासकीय योजनाओं का लाभ, ग्राम स्तरीय समितियों को सशक्त करने, पाटन गांव में सड़क निर्माण तथा वन विभाग की मनमानी व बेदखली की कार्यवाहियों पर रोक जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।
इस अवसर पर अयोध्या प्रसाद, बलराम पटेल, भूपेंद्र सिंह, ज्ञानी सिंह, रक्कू आदिवासी, मोहन आदिवासी, सुंदर सिंह, हक्के सिंह, रामचरण आदिवासी, मंगल सिंह, मन्नू सिंह, प्रेम सिंह, मुकेश सिंह, जितेंद्र सिंह, मलखान सिंह, गोरेलाल, कंछेदी सिंह सहित कई मुखिया साथी उपस्थित रहे।













































