—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*मुक्तिधाम हटा नाका के पास यातायात पुलिस की सघन कार्रवाई, 25 वाहनों के चालान*
दमोह।
शहर में बढ़ते यातायात दबाव और नियमों की अनदेखी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से दमोह यातायात पुलिस द्वारा मुक्तिधाम, हटा नाका के पास सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 25 चालान काटे गए।
इस विशेष अभियान का नेतृत्व एएसआई उत्तम सर ने किया। उनके साथ यातायात पुलिस के हरगोविंद, सिद्धांत, सुनील, अभय और योगेश भी मौजूद रहे। कार्रवाई के दौरान बिना हेलमेट, बिना दस्तावेज, गलत तरीके से वाहन चलाने एवं अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को रोका गया और नियमानुसार चालानी कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों को नियमों का पालन करने की समझाइश भी दी, साथ ही बताया कि सड़क सुरक्षा सभी के लिए आवश्यक है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी, ताकि दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके और शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाया जा सके।
स्थानीय नागरिकों ने यातायात पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियानों से लोगों में नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी।













































