—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*पूर्व सांसद चंद्रभान सिंह लोधी ने क्रिकेट प्रतियोगिता का किया शुभारंभ, श्रीमद् भागवत कथा में हुए शामिल*


तेंदूखेड़ा से मुकेश जैन की रिपोर्ट
तेंदूखेड़ा आज पूर्व सांसद चंद्रभान सिंह ने ग्राम हाथीघाट हरदुआ में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। उद्घाटन अवसर पर ग्राम पूरा एवं सूरादेही की टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया। पूर्व सांसद ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और खेल भावना के साथ अनुशासन में रहकर प्रतियोगिता खेलने का संदेश दिया।
इस अवसर पर पूर्व सांसद चंद्रभान सिंह जी ने कहा कि ग्रामीण अंचलों में खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का सशक्त माध्यम है। खेल से न केवल शारीरिक विकास होता है, बल्कि आपसी भाईचारा, अनुशासन और नेतृत्व के गुण भी विकसित होते हैं। मैच के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे, जिन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
क्रिकेट प्रतियोगिता के शुभारंभ उपरांत पूर्व सांसद चंद्रभान सिंह लोधी ग्राम पिपरिया नंदलाल पहुंचे, जहां सुजान सिंह के निवास पर आयोजित श्रीमद् भागवत महापुराण कथा में सहभागिता की। यहां मौशीपुरा निवासी पंडित संतोष शास्त्री जी के मुखारविंद से कथा श्रवण किया गया।
कथा के दौरान पंडित श्री संतोष शास्त्री जी ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने कालिया नाग वध की कथा के माध्यम से अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश दिया, वहीं गोपियों के वस्त्रहरण प्रसंग को आत्मशुद्धि, भक्ति और अहंकार त्याग के आध्यात्मिक अर्थ के साथ समझाया। कथा सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
पूर्व सांसद चंद्रभान भैया ने कहा कि श्रीमद् भागवत कथा जैसे धार्मिक आयोजन समाज में संस्कार, नैतिकता और आध्यात्मिक चेतना को जागृत करते हैं।
उन्होंने आयोजक परिवार को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, श्रद्धालु एवं ग्रामवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
















































