—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*हटा के भटिया गांव में दर्दनाक हादसा 8 घंटे से लापता 4 वर्षीय मासूम का शव घर के पास तलैया में मिला गांव में शोक की लहर*


हटा/दमोह। दमोह जिले के हटा थाना क्षेत्र के ग्राम भटिया में शनिवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई। घर के पास खेलते-खेलते लापता हुई 4 वर्षीय मासूम बच्ची का शव करीब 8 घंटे की तलाश के बाद घर के समीप बनी एक छोटी तलैया में तैरता हुआ मिला। घटना के बाद पूरे गांव में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मासूम बच्ची घर के पास खेल रही थी। कुछ देर बाद जब वह दिखाई नहीं दी तो परिजनों ने आसपास उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बावजूद बच्ची का कोई पता नहीं चलने पर हटा थाना पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही हटा थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और ग्रामीणों ने खेतों, खलिहानों, आसपास के जल स्रोतों और संभावित स्थानों पर लगातार करीब 8 घंटे तक तलाश अभियान चलाया।
तलाश के दौरान घर के पास बनी एक छोटी तलैया में बच्ची का शव पानी में तैरता हुआ दिखाई दिया। शव मिलते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने तत्काल शव को बाहर निकलवाकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हटा थाना प्रभारी के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला पानी में डूबने से हुई दुर्घटना प्रतीत हो रहा है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
इस दर्दनाक घटना से पूरे भटिया गांव में शोक का माहौल है। मासूम की असमय मौत ने हर किसी को झकझोर दिया है। घटना की सूचना मिलते ही जनपद प्रतिनिधि सुशील शर्मा उर्फ पप्पू शर्मा भी मौके पर पहुंचे और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया। बड़ी संख्या में ग्रामीण भी घटनास्थल पर मौजूद रहे।
यह घटना एक बार फिर छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की आवश्यकता की ओर ध्यान दिलाती है, विशेषकर उन स्थानों पर जहां खुले जल स्रोत या तलैया मौजूद हों।











































