—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*एसपी के निर्देश पर पुलिसकर्मियों पर भी सख्त कार्रवाई 7 जवानों के कटे चालान ₹2,100 समन शुल्क वसूला*


*हूटर लगाने पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष की स्कॉर्पियो का ₹3,000 का चालान 7 पुलिसकर्मियों पर भी हुई कार्रवाई*
दमोह। जिले में यातायात नियमों के पालन को लेकर पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि (भापुसे) के निर्देशन में यातायात पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। अभियान के दौरान नियमों के उल्लंघन पर आम नागरिकों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों और पुलिसकर्मियों पर भी समान रूप से कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शिवचरण पटेल की सफेद रंग की स्कॉर्पियो-एन (क्रमांक MP 04 ZU 2478) में नियमों के विरुद्ध हूटर लगा होने पर यातायात पुलिस ने कार्रवाई की। यातायात थाना प्रभारी दलबीर सिंह मार्को, आकांक्षा जोशी एवं पुलिस स्टाफ ने वाहन से हूटर हटवाकर मोटरयान अधिनियम के तहत ₹3,000 का चालान किया।
यह कार्रवाई जबलपुर नाका स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के पास चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के दौरान की गई, जहां बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों की जांच की जा रही थी।
पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शिवचरण पटेल ने कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यातायात पुलिस का अभियान सराहनीय है। नियम सभी के लिए समान हैं। उन्होंने चालान जमा कर वाहन से हूटर भी हटवा दिया।
इसी विशेष अभियान के तहत यातायात पुलिस ने बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाते पाए गए 7 पुलिसकर्मियों के विरुद्ध भी चालानी कार्रवाई की। कुल 7 वाहनों के चालान काटकर ₹2,100 का समन शुल्क वसूला गया।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा नियम आम नागरिकों और पुलिसकर्मियों सहित सभी पर समान रूप से लागू होते हैं। नियमों के उल्लंघन पर किसी को भी छूट नहीं दी जाएगी। पुलिस ने सभी वाहन चालकों से हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित यात्रा करने की अपील की है।


















































