—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*दमोह मडियादो में पुरानी रंजिश में चली गोली दादा-नाती घायल आरोपी की तलाश जारी*


दमोह। जिले के मडियादो थाना क्षेत्र के पुराना खेड़ा (महावीर मुहल्ला) में मंगलवार रात पुरानी रंजिश के चलते गोलीबारी की घटना सामने आई। फायरिंग के दौरान गोली के छर्रे लगने से एक वृद्ध और उनका नाती घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद देर रात जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 9 बजे पुराना खेड़ा निवासी दयालु पिता दलुआ आदिवासी (55 वर्ष) अपने घर के आंगन में बैठे थे। इसी दौरान पुरानी रंजिश के चलते गुड्डा पाठक ने कथित रूप से फायरिंग कर दी। गोली के छर्रे दयालु के हाथ में लगे। वहीं पास में मौजूद उनके नाती लच्छू उर्फ लक्ष्मण पिता मुलू आदिवासी को भी हिप्स (कूल्हे) में छर्रे लग गए, जिससे वह घायल हो गया।
घटना के बाद परिजनों ने दोनों घायलों को तत्काल मडियादो अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए दोनों को जिला अस्पताल दमोह रेफर कर दिया। बताया गया कि 112 डायल वाहन पंचर हो जाने के कारण घायलों को देर रात करीब 1:20 बजे जिला अस्पताल पहुंचाया जा सका।
जिला अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद डॉ. विक्रम पटेल, सर्जिकल विशेषज्ञ डॉ. उमेश तंतुवाय एवं उनकी टीम ने दोनों घायलों का उपचार कर उन्हें भर्ती कर लिया।
घटना की सूचना मिलते ही 112 डायल एफआरबी-4 के आरक्षक रानू एवं चालक चरण, साथ ही राजपुरा एफआरबी-7 के धर्मेंद्र सिंह और पायलट आरक्षक रमाकांत मौके पर पहुंचे तथा घायलों को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया। जिला अस्पताल में महिला थाना प्रभारी फेमिदा खान, एएसआई बलविंदर सिंह, प्रधान आरक्षक केवल प्रधान सहित पुलिस टीम ने घायलों और परिजनों से घटना की जानकारी ली।
वहीं मडियादो थाना प्रभारी प्रीति पांडे ने बताया कि मामले में आरोपी गुड्डा पाठक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है तथा पूरे मामले की जांच जारी है।













































