Home » अपराध » Mp » *डायल-112 पुलिस टीम पर हमला करने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार अवैध 315 बोर बंदूक और कारतूस बरामद*

*डायल-112 पुलिस टीम पर हमला करने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार अवैध 315 बोर बंदूक और कारतूस बरामद*

—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—

*डायल-112 पुलिस टीम पर हमला करने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार अवैध 315 बोर बंदूक और कारतूस बरामद*

दमोह जिले के पथरिया थाना क्षेत्र के ग्राम सुखा में जमीन विवाद के दौरान डायल-112 पुलिस टीम पर हमला कर शासकीय कार्य में बाधा डालने और पुलिसकर्मी का मोबाइल छीनने के मामले में पथरिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से 315 बोर की एक अवैध बंदूक और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 11 जुलाई की शाम डायल-112 को ग्राम सुखा में जमीन विवाद की सूचना मिली थी। सूचना मिलने पर डायल-112 के पायलट कुलदीप अवस्थी एवं आरक्षक कुलदीप जैन मौके पर पहुंचे। दोनों पक्षों को समझाइश देकर विवाद शांत कराया गया।

विवाद शांत कराने के बाद जब पुलिस टीम वापस लौट रही थी, तभी रास्ते में वाहन कीचड़ में फंस गया। इसी दौरान विवाद से जुड़े एक व्यक्ति ने ट्रैक्टर से वाहन निकालने की बात कही। जब पुलिस टीम ट्रैक्टर लेने उसके साथ जा रही थी, तभी पहले से घात लगाए बैठे खूब सिंह लोधी और उसके साथियों ने अचानक पुलिस दल पर हमला कर दिया।

आरोपियों ने डायल-112 के पायलट के साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा शासकीय कार्य में बाधा डाली। बीच-बचाव करने पहुंचे आरक्षक कुलदीप जैन के साथ भी मारपीट की गई और उनका मोबाइल छीन लिया गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद पथरिया पुलिस ने लगातार आरोपियों की तलाश की और त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी खूब सिंह लोधी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 315 बोर की एक अवैध बंदूक और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को मुख्य मार्ग से पैदल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पथरिया लेकर पहुंची, जहां उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पथरिया पुलिस द्वारा मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है तथा पूरे प्रकरण की विवेचना की जा रही है।

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This