—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*प्रधान जिला न्यायाधीश ने किया जिला जेल का निरीक्षण बंदियों से संवाद कर जानी समस्याएं*
*विधिक सहायता, स्वास्थ्य, भोजन एवं स्वच्छता व्यवस्था को लेकर दिए आवश्यक निर्देश; जेल परिसर में किया पौधारोपण*

दमोह। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण दमोह सुभाष सोलंकी ने जिला जेल दमोह का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विचाराधीन एवं दंडित बंदियों से आत्मीय संवाद स्थापित कर उनकी विधिक एवं व्यक्तिगत समस्याओं की जानकारी ली तथा उनके निराकरण के लिए जेल अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने जेल में बंदियों के लिए उपलब्ध भोजन व्यवस्था, स्वच्छता एवं चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने जेल प्रशासन को निर्देशित किया कि बंदियों के अधिकारों और स्वास्थ्य से संबंधित व्यवस्थाओं पर सतत ध्यान दिया जाए तथा उन्हें आवश्यक सुविधाएं समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराई जाएं।
अधिवक्ता नहीं होने पर विधिक सहायता लेने की अपील
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने बंदियों से उनके प्रकरणों में अधिवक्ता की उपलब्धता के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने बताया कि जिन बंदियों के पास अपने प्रकरण की पैरवी के लिए अधिवक्ता उपलब्ध नहीं है, वे जेल प्रशासन के माध्यम से अपना आवेदन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यालय में भेज सकते हैं। पात्र बंदियों को विधिक सहायता के माध्यम से अधिवक्ता उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक सप्ताह तीन दिवस लीगल एड डिफेंस काउंसिल द्वारा लीगल एड क्लीनिक में सेवाएं प्रदान की जाती हैं। बंदी वहां उपस्थित होकर अपने प्रकरण से संबंधित अद्यतन जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
अपील के लिए समयसीमा का रखा जाए ध्यान
दंडित बंदियों की अपील के संबंध में भी जेल प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए गए। कहा गया कि ऐसे बंदी जो विधिक सहायता के माध्यम से अपील प्रस्तुत करना चाहते हैं और जिनके पास निर्णय की प्रति उपलब्ध नहीं है, उनकी सूचना तत्काल जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय को दी जाए, ताकि निर्णय की प्रति समय पर उपलब्ध कराई जा सके और निर्धारित समयावधि में अपील प्रस्तुत करने की कार्रवाई की जा सके।
निरीक्षण के दौरान सचिव उषाकांता कृषाण, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण दमोह, जिला विधिक सहायता अधिकारी रजनीश चौरसिया, जेल अधीक्षक एम.एल. पटेल सहित जेल का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
जेल परिसर में किया पौधारोपण
निरीक्षण उपरांत प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सुभाष सोलंकी सहित उपस्थित अधिकारियों एवं जेल स्टाफ ने जिला जेल परिसर में पौधारोपण किया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं जेल परिसर को हराभरा बनाए रखने का संदेश भी दिया गया।
“MP UPDATE NEWS 24×7”















