—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 04 टगरा में आयोजित हुआ जागरूकता कार्यक्रम*
*महिलाओं एवं ग्रामीण परिवारों को स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता और शासकीय योजनाओं की दी गई जानकारी*


*जबेरा से प्रवीण दुबे की खास रिपोर्ट*
दमोह/सिंग्रामपुर/जबेरा। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सिंग्रामपुर क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 04 टगरा में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाओं एवं स्थानीय ग्रामीणों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और ग्रामीण परिवारों को बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता तथा शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान पर्यवेक्षक सुन्दर लाल अहिरवार ने उपस्थित महिलाओं को बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं संतुलित पोषण के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बच्चों के समुचित शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए पौष्टिक आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच और स्वच्छ वातावरण बेहद आवश्यक है। साथ ही उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सेवाओं एवं सुविधाओं की जानकारी भी उपस्थित महिलाओं को दी।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा महिलाओं से बच्चों के खान-पान पर विशेष ध्यान देने, समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने तथा स्वच्छता की आदतों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की गई। कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों के पोषण से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की गई तथा पात्र परिवारों को शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर ग्रामीण महिलाओं ने भी सक्रिय सहभागिता करते हुए अपनी समस्याएं एवं सुझाव सामने रखे। गांव में महिलाओं एवं बच्चों से जुड़े विभिन्न विषयों पर उपस्थित लोगों के बीच चर्चा की गई। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को जागरूक करते हुए उन्हें अपने परिवार एवं आसपास के क्षेत्र में भी स्वास्थ्य, पोषण और स्वच्छता का संदेश पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया।
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र में जनजागरूकता बढ़ाने तथा शासन की योजनाओं एवं आंगनबाड़ी सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम आपसी सहयोग एवं सहभागिता के साथ संपन्न हुआ। अंत में उपस्थित महिलाओं, ग्रामीणों एवं सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया।






















