—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*भाई दूज पर जिला जेल दमोह में बहनों ने भाइयों से की मुलाकात माथे पर तिलक लगाकर की लंबी उम्र की कामना*
*कहीं खुशियां तो कहीं भावुक हुए भाई-बहन शांतिपूर्ण एवं सद्भावपूर्ण माहौल में संपन्न हुई मुलाकात की व्यवस्था*
दमोह। भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह और विश्वास के प्रतीक भाई दूज के पावन पर्व पर आज दमोह जिला जेल में बंदियों से मुलाकात के लिए विशेष व्यवस्था की गई। इस अवसर पर सुबह से ही बहनों का अपने भाइयों से मिलने के लिए जेल परिसर पहुंचना शुरू हो गया था।
जेल प्रशासन द्वारा मुलाकात की समुचित व्यवस्था की गई। जेल अधीक्षक श्री एम.एल. पटेल एवं पुलिस बल द्वारा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया तथा सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया। जिला जेल के समस्त कर्मचारियों ने पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ बहनों को उनके भाइयों से मिलवाने में सहयोग किया।
भाई दूज के अवसर पर बहनों ने अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और अच्छे भविष्य की कामना की। इस दौरान कई बहनों ने भाइयों को मिठाई खिलाकर पर्व की खुशियां साझा कीं।
जेल परिसर में यह दृश्य बेहद भावुक कर देने वाला रहा। कहीं भाई-बहन के चेहरों पर लंबे समय बाद मिलने की खुशी दिखाई दी, तो कहीं अपनों से दूर रहने का दर्द आंखों में छलकता नजर आया। कुछ बहनें अपने भाइयों को देखकर प्रसन्न थीं, तो कुछ की आंखें नम हो गईं। भाइयों का भी यही हाल रहा। किसी के चेहरे पर मुस्कान थी तो कोई अपने परिवार से मिलकर भावुक हो गया।
भाई दूज के इस पावन अवसर पर जिला जेल प्रशासन की बेहतर व्यवस्थाओं के चलते मुलाकात की प्रक्रिया शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और सद्भावपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। पर्व ने एक बार फिर भाई-बहन के रिश्ते में छिपे प्रेम, त्याग और अपनत्व की भावना को जीवंत कर दिया।

























