—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*कलेक्ट्रेट में मचा हड़कंप बिना हेलमेट सीट बेल्ट और HSRP के नहीं मिलेगा प्रवेश*


दमोह। जिले में यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने के लिए प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। कलेक्टर प्रताप नारायण यादव और पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि के निर्देश पर दमोह कलेक्ट्रेट में विशेष जांच अभियान शुरू कर दिया गया है। अब बिना हेलमेट, सीट बेल्ट और हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) वाले वाहनों को कलेक्ट्रेट परिसर में प्रवेश नहीं मिलेगा।
मंगलवार से शुरू हुए इस अभियान के तहत कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट पर दोपहिया और चारपहिया वाहनों की जांच की जा रही है। नियमों का पालन नहीं करने वाले वाहन चालकों को पहले समझाइश दी जा रही है, लेकिन उन्हें परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा रही।
यातायात थाना प्रभारी दलबीर सिंह मार्को ने बताया कि कलेक्ट्रेट में प्रवेश करने वाले सभी अधिकारी, कर्मचारी और आम नागरिकों के लिए यातायात नियमों का पालन अनिवार्य कर दिया गया है। दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनना होगा, जबकि चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाना और वाहन पर HSRP होना जरूरी है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई शासकीय अधिकारी या कर्मचारी भी नियमों का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ चालानी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि यह अभियान केवल एक दिन की औपचारिकता नहीं, बल्कि लगातार चलाया जाएगा ताकि सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों में जागरूकता और अनुशासन बढ़ सके।
इस दौरान यातायात थाना प्रभारी दलबीर सिंह मार्को के साथ एएसआई हरिश्चंद्र, आरक्षक कुलदीप, सिद्धांत सहित पुलिस बल मौजूद रहा।





















































