*खोजाखेड़ी में सार्वजनिक रास्ते को लेकर विवाद गहराया ETS मशीन से सीमांकन की मांग तेज*
*गांव के दबंगों ने सार्वजनिक रास्ते को किया बंद पशुधन के साथ-साथ ग्रामीण भी हो रहे परेशान*
दमोह। जनपद पंचायत पथरिया की ग्राम पंचायत खोजाखेड़ी में सार्वजनिक रास्ते और भूमि सीमांकन का मामला एक बार फिर चर्चा में है। ग्राम पंचायत के वर्तमान सरपंच श्याम पटेल ने जिला कलेक्टर प्रताप नारायण यादव को आवेदन सौंपकर खसरा क्रमांक 668 एवं 669 का आधुनिक ETS मशीन से सीमांकन कराने की मांग की है। इसी संबंध में तहसीलदार पथरिया को भी आवेदन दिया गया है।
सरपंच द्वारा दिए गए आवेदन में बताया गया है कि संबंधित भूमि के सीमांकन के लिए राजस्व विभाग द्वारा पंचनामा तैयार किया जा चुका है। पंचनामा में उल्लेख है कि मौके पर स्थायी चांदा, सीमा चिन्ह एवं स्थायी बेंच उपलब्ध नहीं होने के कारण सामान्य प्रक्रिया से सही सीमांकन संभव नहीं है। ऐसे में भूमि का सटीक सीमांकन केवल ETS मशीन के माध्यम से ही किया जा सकता है।
आवेदन में मांग की गई है कि संबंधित राजस्व अधिकारियों को निर्देशित कर खसरा क्रमांक 668 एवं 669 का शीघ्र ETS मशीन से सीमांकन कराया जाए, ताकि वास्तविक सीमाएं स्पष्ट हो सकें और वर्षों से लंबित सार्वजनिक रास्ते का समाधान हो सके।
सरपंच श्याम पटेल के साथ रेबा पटेल और संतराम पटेल ने भी प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि इस संबंध में सीएम हेल्पलाइन 181 पर कई बार शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है, लेकिन आज तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों के अनुसार किसान संत जयराम दास एवं प्रमोद पटेल द्वारा पुराने पुल से जाने वाले रास्ते को बंद कर दिया गया है, जिससे किसानों और ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि सार्वजनिक रास्ता बंद होने से कृषि कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।
ग्राम पंचायत ने प्रशासन से जनहित को ध्यान में रखते हुए प्राथमिकता के आधार पर सीमांकन कराने और सार्वजनिक मार्ग को पुनः खुलवाने की मांग की है, ताकि ग्रामीणों और किसानों को लंबे समय से चली आ रही समस्या से राहत मिल सके।









































