—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह— 
*कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने किया जिला जेल का औचक निरीक्षण कैदियों के मौलिक अधिकारों पर दिया विशेष जोर*
दमोह। कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने गुरुवार को जिला जेल का औचक निरीक्षण कर जेल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने जेल में बंद कैदियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और पूछा कि उन्हें किसी प्रकार की कोई असुविधा तो नहीं है। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि कैदियों के मौलिक अधिकारों का हर हाल में संरक्षण होना चाहिए और शासन द्वारा निर्धारित सभी सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं।
निरीक्षण के दौरान भोजन व्यवस्था की जांच में यह तथ्य सामने आया कि निर्धारित मीनू के अनुसार जिस दिन अरहर की दाल परोसी जानी थी, उस दिन कैदियों को चना दाल दी गई। इस पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि मीनू के विपरीत भोजन देना कैदियों के अधिकारों का उल्लंघन है। उन्होंने संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए और भविष्य में ऐसी लापरवाही नहीं होने की सख्त चेतावनी दी।
कलेक्टर ने जेल अधीक्षक एम.एल. पटेल से जेल की सुरक्षा व्यवस्था, भोजन, स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता और अन्य आवश्यक सुविधाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि जेल में शासन के सभी नियमों का कड़ाई से पालन किया जाए तथा कैदियों को निर्धारित मापदंडों के अनुसार भोजन और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
इस दौरान डिप्टी कलेक्टर रचना प्रजापति तथा जिला जनसंपर्क अधिकारी भी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने कहा कि जेल प्रशासन संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करे तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।










































