—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*20–22 वर्षों से शासकीय भूमि पर कब्जे का आरोप जनपद सदस्य पप्पू सिंह लोधी ने कलेक्टर से की सख्त कार्रवाई की मांग*

दमोह। जिले की तहसील दमोह अंतर्गत ग्राम हलगज में शासकीय भूमि पर कथित अवैध कब्जे का मामला एक बार फिर चर्चा में है। जनपद सदस्य पप्पू सिंह लोधी ने कलेक्टर प्रताप नारायण यादव को लिखित शिकायत सौंपकर मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने और शासकीय भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, मंडल बांदकपुर के अंतर्गत आने वाले ग्राम हलगज, पटवारी हल्का क्रमांक 38 में स्थित खसरा नंबर 563 की लगभग 10 एकड़ शासकीय भूमि पर पिछले 20 से 22 वर्षों से कथित रूप से अवैध कब्जा कर खेती की जा रही है। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि ग्राम हलगज के पूर्व सरपंच हाकम सिंह लोधी द्वारा इस भूमि पर लगातार खेती की जा रही है, जिससे शासन को आर्थिक क्षति हो रही है।
जनपद सदस्य पप्पू सिंह लोधी ने बताया कि इस मामले की शिकायत वर्ष 2023 में भी की गई थी। उस समय पटवारी द्वारा प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन में लगभग 6.97 हेक्टेयर शासकीय भूमि में से 3.20 हेक्टेयर पर कब्जा पाए जाने का उल्लेख किया गया था। शिकायत के आधार पर नायब तहसीलदार द्वारा अतिक्रमण हटाने के आदेश भी जारी किए गए थे।
हालांकि, शिकायतकर्ता का आरोप है कि आदेश जारी होने के बावजूद आज तक न तो कथित अतिक्रमण हटाया गया और न ही न्यायालय द्वारा लगाए गए जुर्माने का भुगतान किया गया। उनका कहना है कि वर्तमान में भी संबंधित भूमि पर खेती की जा रही है और प्रशासनिक आदेशों का पालन नहीं हुआ है।
जनपद सदस्य पप्पू सिंह लोधी ने कलेक्टर से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, संबंधित राजस्व अधिकारियों से तथ्यात्मक प्रतिवेदन लिया जाए और यदि शिकायत सही पाई जाती है तो शासकीय भूमि को तत्काल अतिक्रमण से मुक्त कराकर दोषियों के विरुद्ध राजस्व नियमों के तहत सख्त कार्रवाई की जाए।










































