—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*पर्यूषण पर्व पर फैंसी ड्रेस और मेहंदी प्रतियोगिता में बच्चों व महिलाओं ने दिखाया उत्साह*
*पारसनाथ महिला जैन मिलन ने आयोजित किए विविध कार्यक्रम, प्रतिभागियों को किया पुरस्कृत*

दमोह। पर्यूषण पर्व के पावन अवसर पर पारसनाथ महिला जैन मिलन, टंडन बगीचा शाखा क्षेत्र क्रमांक 10 द्वारा श्री दिगंबर जैन बड़े मंदिर जी में धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज की महिलाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में धार्मिक वातावरण के साथ बच्चों और महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
पर्यूषण पर्व के उत्तम शौच धर्म के दिन आयोजित फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में लगभग 30 बच्चों ने भाग लिया। बच्चों ने श्राविका, तीर्थंकर भगवान के चिन्ह, चरखा सहित विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक स्वरूपों को अपनी वेशभूषा और प्रस्तुति के माध्यम से आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया। नन्हे प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित समाजजनों का ध्यान आकर्षित किया।
फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता को दो आयु वर्गों में विभाजित किया गया था। 0 से 10 वर्ष तथा 11 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के बच्चों ने इसमें भाग लिया। दोनों वर्गों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। वहीं प्रतियोगिता में शामिल अन्य सभी बच्चों का उत्साह बढ़ाने के लिए उन्हें प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किए गए।
प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका वीरांगना संगीता एम.एल. जैन, वीरांगना संगीता बजाज एवं वीरांगना निधि सराफ ने निभाई। कार्यक्रम में उपस्थित समाजजनों द्वारा शाखा की वीरांगनाओं का तिलक-वंदन कर सम्मान भी किया गया।
इसी क्रम में उत्तम सत्य धर्म के दिन मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में 10 प्रतिभागियों ने हिस्सा लेकर अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मेहंदी प्रतियोगिता में श्रीमती दीप्ति जैन एवं श्रीमती मनीषा जैन ने निर्णायक की भूमिका निभाई। प्रतियोगिता में सारिका ने प्रथम, नीलू ने द्वितीय तथा आस्था ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं दीपिका एवं सोनम को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में शाखा अध्यक्ष वीरांगना रेखा, कोषाध्यक्ष वीरांगना सपना, सहकोषाध्यक्ष वीरांगना सारिका, प्रचार मंत्री वीरांगना निधि सराफ सहित वीरांगना माया, कविता, संगीता एम.एल. जैन, संगीता बजाज, सविता, प्रीति, विनीता, सारिका शानू सहित शाखा की अन्य वीरांगनाओं की उपस्थिति रही।
आयोजकों ने बताया कि पर्यूषण पर्व के दौरान इस प्रकार के आयोजन का उद्देश्य बच्चों और महिलाओं को धार्मिक संस्कारों से जोड़ने के साथ-साथ उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करना है। प्रतियोगिताओं में सभी प्रतिभागियों ने उत्साह और अनुशासन के साथ सहभागिता की। कार्यक्रम धार्मिक आस्था, उल्लास और सामाजिक सहभागिता के वातावरण में संपन्न हुआ।


















