Home » अपराध » Mp » *गौहत्या मामले में 9 आरोपी गिरफ्तार पुलिस ने जुलूस निकालकर न्यायालय में किया पेश*

*गौहत्या मामले में 9 आरोपी गिरफ्तार पुलिस ने जुलूस निकालकर न्यायालय में किया पेश*

—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—

*गौहत्या मामले में 9 आरोपी गिरफ्तार पुलिस ने जुलूस निकालकर न्यायालय में किया पेश*

*नूरी नगर-कसाई मंडी क्षेत्र में गर्भवती गाय की हत्या के बाद कार्रवाई तेज तीन आरोपी अब भी फरार*

दमोह। शहर के नूरी नगर, सीताबावली और कसाई मंडी क्षेत्र में सामने आए कथित गोवंश हत्या के मामले में दमोह पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

सोमवार को पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच न्यायालय में पेश किया। न्यायालय में पेशी से पहले पुलिस द्वारा आरोपियों को जुलूस के रूप में ले जाया गया। पुलिस के अनुसार मामले में करीब तीन आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस की विशेष टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

जानकारी के अनुसार 3 अक्टूबर की सुबह करीब 4:30 बजे नूरी नगर-सीताबावली क्षेत्र में गोवंश के अवशेष मिलने से हड़कंप मच गया था। गौसेवकों और हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके से एक अन्य गाय को बचाए जाने की भी बात सामने आई थी। गौसेवकों ने गर्भवती गाय की हत्या का आरोप लगाते हुए दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई की मांग की थी।

घटना की जानकारी फैलने के बाद बड़ी संख्या में गौसेवक और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता घंटाघर पहुंचे। यहां विरोध प्रदर्शन और चक्काजाम किया गया। प्रदर्शन के दौरान हनुमान चालीसा का पाठ भी किया गया। बाद में व्यापारी महासंघ के समर्थन से शहर के कई बाजार बंद रहे। कलेक्टर प्रताप नारायण यादव मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया था।

*डीआईजी शशिंद्र सिंह चौहान ने किया निरीक्षण*

मामले की गंभीरता को देखते हुए सागर रेंज के डीआईजी शशिंद्र सिंह चौहान दमोह पहुंचे। उन्होंने सीताबावली, नूरी नगर और कसाई मंडी क्षेत्र का निरीक्षण किया तथा पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। डीआईजी ने आरोपियों की गिरफ्तारी, संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने तथा चिन्हित अतिक्रमण हटाने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।

इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया, एसडीएम निकेत चौरसिया, सीएसपी एचआर पांडे, एसडीओपी हटा केपी सिंह, तहसीलदार रॉबिन जैन, कोतवाली थाना प्रभारी मनीष कुमार, नगर पालिका सीएमओ राजेंद्र सिंह लोधी तथा एएसआई राकेश पाठक सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।

*अतिक्रमण और अवैध मीट दुकानों पर भी कार्रवाई*

घटना के बाद प्रशासन ने नूरी नगर से कसाई मंडी तक चिन्हित अतिक्रमणों और अवैध निर्माणों पर कार्रवाई की। पुलिस, नगर पालिका, राजस्व और अन्य विभागों की संयुक्त टीम ने कई स्थानों पर कार्रवाई की। रिपोर्टों के अनुसार करीब 10 मकानों/निर्माणों को जेसीबी की मदद से हटाया गया तथा अवैध बिजली कनेक्शनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। अवैध रूप से संचालित मीट दुकानों की जांच कर आवश्यक दस्तावेज और लाइसेंस भी देखे गए।

नगर पुलिस अधीक्षक एचआर पांडे के अनुसार पुलिस ने मामले में 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ गोवंश वध के साथ संगठित अपराध से संबंधित धाराओं में भी कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार करीब तीन से चार आरोपी अभी फरार हैं। जिनकी तलाश के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगाई गई हैं।

पुलिस की कार्रवाई के बाद अब मामले की जांच जारी है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ ही घटना में शामिल सभी लोगों की भूमिका स्पष्ट होने की उम्मीद है।

सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया उसके तत्पश्चात इनको जेल भेज दिया गया है।

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This