—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*बिजली विभाग की सघन चैकिंग में विद्युत चोरी के 8 प्रकरण दर्ज 12 हीटर जब्त*
*अवैध रूप से इलेक्ट्रिक वाहन चार्ज करते मिले 3 मामले विभाग की कार्रवाई से मचा हड़कंप*


दमोह। विद्युत चोरी की रोकथाम और अनाधिकृत विद्युत उपयोग के खिलाफ मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा दमोह शहर में सघन चैकिंग अभियान चलाया गया। अधीक्षण अभियंता दमोह के निर्देशन में मंगलवार, 6 अक्टूबर 2026 को सुबह 8 बजे से चार टीमों का गठन कर कसाई मंडी एवं आसपास के क्षेत्रों में विद्युत कनेक्शनों की जांच की गई।
संयुक्त चैकिंग अभियान में दमोह शहर वितरण केंद्र के सहायक अभियंता राघवेन्द्र ईडपाची एवं फरीद अंसारी, कनिष्ठ अभियंता कु. शिवानी गुप्ता, कनिष्ठ अभियंता हिण्डोरिया प्रदीप सिंह परिहार तथा कनिष्ठ अभियंता नोहटा श्रीमती पूजा खोब्रागढ़े सहित विद्युत विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विभिन्न परिसरों की जांच की।
चैकिंग के दौरान अनाधिकृत रूप से विद्युत ऊर्जा का उपयोग पाए जाने पर विद्युत चोरी के 8 प्रकरण दर्ज किए गए। जांच टीम ने मौके से 12 विद्युत हीटर भी जब्त किए। इसके अलावा निर्धारित नियमों एवं स्वीकृत विद्युत कनेक्शन के प्रावधानों का पालन किए बिना इलेक्ट्रिक वाहनों को चार्ज करते पाए जाने पर 3 प्रकरण दर्ज किए गए।
जांच के दौरान जहां भी अनाधिकृत विद्युत उपयोग पाया गया, वहां अधिकारियों द्वारा मौके पर ही पंचनामा तैयार किया गया तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ की गई। विभाग के अनुसार कुछ उपयोगकर्ताओं द्वारा स्वीकृत प्रावधानों के अनुरूप विद्युत का उपयोग किए बिना इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग की जा रही थी।
बढ़े हुए लोड पर भी होगी कार्रवाई
अधीक्षण अभियंता दमोह ने जिले के सभी विद्युत उपभोक्ताओं एवं आमजन से अपील की है कि वे केवल वैध विद्युत कनेक्शन के माध्यम से ही बिजली का उपयोग करें। यदि किसी उपभोक्ता का विद्युत भार स्वीकृत क्षमता से अधिक है तो आवश्यकतानुसार लोड बढ़ाने के लिए विभाग में आवेदन करें।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच के दौरान स्वीकृत लोड से अधिक विद्युत भार पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए जुर्माना अधिरोपित किया जा सकता है। इसकी जिम्मेदारी संबंधित उपभोक्ता की होगी।
अधिकृत कनेक्शन से ही करें ई-वाहनों की चार्जिंग
विद्युत विभाग ने इलेक्ट्रिक वाहन मालिकों से भी अपील की है कि वाहनों की चार्जिंग अधिकृत एवं निर्धारित चार्जिंग स्टेशन अथवा स्वीकृत विद्युत कनेक्शन के माध्यम से ही की जाए। अनधिकृत तरीके से विद्युत का उपयोग कर वाहन चार्ज करने पर विभाग द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अधीक्षण अभियंता ने बताया कि म.प्र. पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड, दमोह द्वारा जिलेभर में विद्युत चोरी की रोकथाम तथा इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग से संबंधित नियमों के पालन को लेकर जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग ने उपभोक्ताओं से नियमों का पालन करते हुए वैध कनेक्शन और स्वीकृत विद्युत भार के अनुरूप ही बिजली का उपयोग करने की अपील की है।
MP UPDATE NEWS 24×7 DAMOH




















