—-प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट दमोह —-
मोबाइल वसूली शिविर प्रारंभ – नगर पालिका का वृहद कर वसूली अभियान
दमोह। नगर पालिका परिषद दमोह ने कर वसूली को लेकर बड़ा कदम उठाया है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) राजेंद्र सिंह ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर पालिका द्वारा 26 सितम्बर से मोबाइल वसूली शिविर प्रारंभ किए गए हैं। इन शिविरों के माध्यम से दुकानों का किराया एवं सभी 39 वार्डों में निवासरत नागरिकों से कर वसूली की जाएगी।
सीएमओ ने बताया कि नगर पालिका ने इस कार्य के लिए अलग-अलग 10-10 वार्डों की जिम्मेदारी देने वाली टीमें गठित की हैं। प्रत्येक टीम में एक प्रभारी और उनके सहायक नियुक्त किए गए हैं। ये टीमें दुकानों के साथ-साथ घर-घर जाकर व्यापक स्तर पर कर वसूली करेंगी।
शहर की वित्तीय स्थिति पर चिंता जताते हुए श्री ठाकुर ने कहा कि नगर पालिका पर लगभग 50 करोड़ रुपए का कर बकाया है। नगर पालिका की आय सीमित होने के कारण कर्मचारियों का वेतन देने में भी कठिनाई आती है।
उन्होंने नगरवासियों से अपील की है कि समय पर अपनी दुकानों का किराया, मकान कर एवं जल कर जमा करें और शहर की व्यवस्था तथा विकास कार्यों में सहयोग प्रदान करें।











































