—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*मोहर्रम पर्व को सौहार्द शांति एवं भाईचारे के साथ मनाने की अपील कोतवाली में शांति समिति की बैठक संपन्न*
दमोह। आगामी मोहर्रम पर्व एवं ताजिया जुलूस के शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से थाना कोतवाली परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक पुलिस अधीक्षक दमोह श्री आनंद कलादगि (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुई, जिसमें शहर के गणमान्य नागरिकों, धर्मगुरुओं, ताजिया समितियों के प्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं मुस्लिम समाज के वरिष्ठजनों ने सहभागिता कर अपने सुझाव एवं विचार रखे।
बैठक को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक श्री आनंद कलादगि ने कहा कि दमोह जिले में सभी धार्मिक पर्व एवं आयोजन हमेशा शांति, सद्भाव और भाईचारे के वातावरण में संपन्न होते रहे हैं। उन्होंने सभी नागरिकों एवं ताजिया समितियों के प्रतिनिधियों से अपील की कि मोहर्रम पर्व के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें तथा जिले की सौहार्दपूर्ण परंपरा को आगे बढ़ाएं।
उन्होंने कहा कि मोहर्रम पर्व को पारंपरिक गरिमा, अनुशासन और आपसी सहयोग के साथ मनाया जाए तथा समाज में शांति और सद्भाव का संदेश दिया जाए। साथ ही सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक, अफवाहपूर्ण या आपत्तिजनक सामग्री साझा न करने की सलाह देते हुए नागरिकों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया।
बैठक के दौरान ताजिया जुलूस के निर्धारित मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। ताजिया समितियों एवं नागरिकों द्वारा दिए गए सुझावों पर गंभीरता से विचार करते हुए प्रशासन की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया गया।
शांति समिति की इस बैठक में दमोह के वरिष्ठ नागरिक, समाजसेवी, विभिन्न ताजिया समितियों के पदाधिकारी, मुस्लिम समाज के गणमान्यजन, पुलिस विभाग एवं प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति रही। बैठक का मुख्य उद्देश्य मोहर्रम पर्व को आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना रहा।















































