—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जयंती पर करणी सेना की भव्य बाइक रैली मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान*
दमोह। वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जयंती के पावन अवसर पर करणी सेना परिवार जिला दमोह टीम जीवन सिंह शेरपुर द्वारा भव्य एवं ऐतिहासिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत विशाल बाइक रैली निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर महाराणा प्रताप के शौर्य, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया।
बाइक रैली नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान हाथों में भगवा ध्वज लिए युवाओं ने “जय महाराणा प्रताप” और “जय मां करणी” के जयघोष लगाए, जिससे पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति और उत्साह से सराबोर हो गया। रैली के दौरान कई स्थानों पर नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर प्रतिभागियों का स्वागत किया।
रैली के पश्चात प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। आयोजकों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य युवाओं को शिक्षा के प्रति प्रेरित करना तथा समाज में सकारात्मक प्रतिस्पर्धा और उत्कृष्टता की भावना को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में योगेंद्र सिंह ठाकुर उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथियों में मोनू पाठक, मनु मिश्रा एवं जबलपुर से आए करणी सेना के जिला अध्यक्ष दीपक चौहान शामिल हुए।
आयोजन में करणी सेना परिवार दमोह के जिला अध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक नितिन सिंह तोमर, सागर संभाग महामंत्री निहाल राजपूत, कपिल राजपूत, दिग्विजय राजपूत, सागर राजपूत, देवेंद्र राजपूत, मोनू बना, विक्की बना, संतोष तोमर, आकाश राजपूत, भागीरथ, केशव बना और प्रकाश राजपूत सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम में सर्व समाज की गरिमामयी उपस्थिति देखने को मिली। विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं राजनीतिक संगठनों के पदाधिकारियों, गणमान्य नागरिकों तथा बड़ी संख्या में आमजन ने सहभागिता कर आयोजन को सफल बनाया। वक्ताओं ने महाराणा प्रताप के आदर्शों पर चलने, शिक्षा को बढ़ावा देने और समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
अंत में करणी सेना परिवार दमोह टीम जीवन सिंह शेरपुर की ओर से सभी अतिथियों, सहयोगियों एवं उपस्थित जनसमुदाय के प्रति आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं में राष्ट्रभक्ति, शिक्षा और समाज सेवा का प्रभावी संदेश प्रसारित किया गया।















































