—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*साहब… अब अकेला नहीं रहा जाता 50 वर्षीय दिव्यांग ने कलेक्टर से लगाई शादी की गुहार*
दमोह। जिले की जनसुनवाई में मंगलवार को एक ऐसा मामला सामने आया जिसने अधिकारियों के साथ मौजूद लोगों को भी भावुक कर दिया। तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम बमोरी निवासी 50 वर्षीय दिव्यांग नरेंद्र सिंह ठाकुर ने कलेक्टर प्रताप नारायण यादव से अपनी दूसरी शादी कराने और राशन की व्यवस्था कराने की गुहार लगाई।
जनसुनवाई में कलेक्ट्रेट पहुंचे नरेंद्र सिंह ठाकुर ने कलेक्टर के सामने हाथ जोड़कर कहा, “साहब… अब अकेला नहीं रहा जाता, मेरी शादी करवा दीजिए।” उनकी बात सुनकर कुछ देर के लिए जनसुनवाई कक्ष में भावुक माहौल बन गया।
नरेंद्र सिंह ने बताया कि वह अनाथ हैं और दिव्यांग होने के कारण उन्हें सुनने में परेशानी होती है तथा चलने-फिरने में भी कठिनाई होती है। उन्होंने बताया कि उनकी पहली पत्नी का वर्ष 2014 में निधन हो गया था। पिछले 12 वर्षों से वह अकेले जीवन व्यतीत कर रहे हैं, जिससे उनका जीवन बेहद कठिन हो गया है।
उन्होंने कलेक्टर से दूसरी शादी कराने में मदद करने के साथ-साथ राशन उपलब्ध कराने की भी मांग की। कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने उनकी पूरी बात गंभीरता से सुनी और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को नरेंद्र सिंह का स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक उपचार कराने तथा खाद्य विभाग को राशन संबंधी पात्रता की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में सामने आया यह मामला प्रशासनिक व्यवस्था के साथ-साथ मानवीय संवेदनाओं की भी मिसाल बन गया, जहां एक दिव्यांग व्यक्ति ने अपनी तन्हाई और जीवन की कठिनाइयों को प्रशासन के सामने खुलकर रखा।









































