—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*नवीन आपराधिक कानूनों पर दो दिवसीय रिफ्रेशर कोर्स का समापन*
दमोह। पुलिस कंट्रोल रूम दमोह में नवीन आपराधिक कानूनों—भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA)—के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आयोजित दो दिवसीय विशेष रिफ्रेशर कोर्स का विधिवत समापन हुआ। समापन अवसर पर पुलिस अधीक्षक दमोह उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के विभिन्न थानों एवं चौकियों से करीब 40 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की। दो दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों को नए आपराधिक कानूनों के प्रावधानों एवं उनके व्यावहारिक क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यशाला में विवेचना, डिजिटल साक्ष्य के संकलन, ई-साक्ष्य की प्रक्रिया, जब्ती, गिरफ्तारी तथा न्यायालयीन प्रक्रियाओं से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रशिक्षण दिया गया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को यह भी समझाया गया कि नए कानूनों के तहत कार्रवाई करते समय निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन करते हुए साक्ष्यों का सुरक्षित एवं विधिसम्मत संकलन किस प्रकार किया जाना है।
समापन अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों को नए आपराधिक कानूनों की मूल भावना के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने विवेचना में पारदर्शिता, निष्पक्षता और समयबद्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही कानूनों में हुए बदलावों को व्यवहार में प्रभावी रूप से लागू करने तथा नागरिकों के अधिकारों एवं विधिक प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रशिक्षण सत्र के सफल समापन पर पुलिस अधीक्षक द्वारा सहभागी पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस रिफ्रेशर कोर्स का उद्देश्य पुलिस बल को नवीन आपराधिक कानूनों की अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराकर उनकी कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और विधिसम्मत बनाना रहा।



















