—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के लिए दमोह जिले में लगेंगे ‘सेवा सेतु’ कैंप*
*अलग-अलग विकासखंडों में आयोजित होंगे विशेष जनजागरूकता शिविर, उपभोक्ताओं को मिलेगी सोलर सब्सिडी की जानकारी*
दमोह। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत दमोह जिले के विभिन्न विकासखंडों में विशेष ‘सेवा सेतु’ कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों का उद्देश्य अधिक से अधिक विद्युत उपभोक्ताओं को योजना की जानकारी देना, पात्र हितग्राहियों का पंजीयन कराना तथा घरों की छत पर सोलर पैनल स्थापित कराने के लिए प्रोत्साहित करना है।
कार्यपालन अभियंता, दक्षिण संभाग दमोह द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार भारत सरकार की योजना के अंतर्गत पात्र विद्युत उपभोक्ताओं को रूफटॉप सोलर कनेक्शन स्थापित कराने पर ₹78,000 तक की सब्सिडी का प्रावधान है। योजना का लाभ लेने के इच्छुक उपभोक्ताओं को चिन्हित करने और उन्हें आवश्यक प्रक्रिया की जानकारी देने के लिए इन शिविरों में अक्षय ऊर्जा विभाग के अधिकारी, बैंकिंग सेक्टर से जुड़े अधिकारी, अधिकृत सोलर वेंडर तथा विद्युत मंडल के अधिकारी संयुक्त रूप से मौजूद रहेंगे।
शिविरों में उपभोक्ताओं को योजना के तहत पंजीयन, सोलर पैनल स्थापना, बैंक ऋण/वित्तीय प्रक्रिया, सब्सिडी तथा अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं के संबंध में जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
विकासखंडवार सेवा सेतु कैंप की तिथियां
क्रमांक विकासखंड कैंप की तिथि कैंप स्थल
1 दमोह 23 सितंबर 2026 दमोह शहर वितरण केंद्र, किल्लाई नाका
2 जबेरा 1 अक्टूबर 2026 जबेरा पंचायत भवन
3 तेंदूखेड़ा 7 अक्टूबर 2026 तेंदूखेड़ा तहसील प्रांगण
उपभोक्ताओं से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील
विद्युत विभाग ने जिले के विद्युत उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपने संबंधित विकासखंड में आयोजित होने वाले सेवा सेतु कैंप में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचें और प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत अपना पंजीयन कराकर योजना का लाभ लें।
सोलर पैनल स्थापित होने से उपभोक्ता अपने घर की छत का उपयोग अक्षय ऊर्जा उत्पादन के लिए कर सकेंगे और बिजली की आवश्यकता के एक हिस्से को सौर ऊर्जा के माध्यम से पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे। विभागीय अधिकारियों ने पात्र उपभोक्ताओं से कैंप में पहुंचकर योजना से संबंधित जानकारी प्राप्त करने तथा आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने का आग्रह किया है।
— कार्यपालन अभियंता (संचा./संधा.), म.प्र. पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड, दक्षिण संभाग दमोह















