—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*कुएं से मोटर निकालते समय दर्दनाक हादसा रस्सी टूटने से पिता-पुत्र की मौत दोनों कुएं में जा गिरे*
पथरिया (दमोह)। पथरिया थाना क्षेत्र के ग्राम बांसाकला में मंगलवार को एक हृदयविदारक हादसे में पिता और पुत्र की कुएं में गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम बांसाकला निवासी रामदयाल ठाकुर (55 वर्ष) एवं उनके पुत्र संजय ठाकुर (35 वर्ष) खेत में स्थित कुएं से मोटर निकालने का कार्य कर रहे थे। बताया जा रहा है कि मोटर को ऊपर खींचने के लिए रस्सी का उपयोग किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक रस्सी टूट गई, जिससे दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे सीधे सूखे कुएं में जा गिरे।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पथरिया थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से दोनों को कुएं से बाहर निकाला गया। हालांकि तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।
मृतक संजय ठाकुर पथरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत थे। उनकी असामयिक मृत्यु की खबर से स्वास्थ्य विभाग सहित पूरे क्षेत्र में शोक व्याप्त हो गया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण मोटर खींचने के दौरान रस्सी का टूटना बताया जा रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए, जिनका अंतिम संस्कार मंगलवार शाम करीब 5 बजे उनके खेत में ही किया गया। इस दुखद घटना के बाद ग्राम बांसाकला सहित आसपास के क्षेत्र में मातम का माहौल है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर व्याप्त है।











































