—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज दमोह—
*नाबालिग किशोरी के साथ गोलीकांड में प्रेम प्रसंग का मामला आया सामने आरोपी गिरफ्तार*
हटा/दमोह। हटा क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी को गोली मारने के मामले में पुलिस जांच के दौरान प्रेम प्रसंग का खुलासा हुआ है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घायल किशोरी का उपचार जारी है और उसकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना 6 जून 2026 को शाम लगभग 4 बजे की है। थाना सिमरिया पुलिस को सूचना मिली थी कि एक नाबालिग किशोरी के सिर में गोली लग गई है, जिसके बाद उसे गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल दमोह में भर्ती कराया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी के निर्देशन में तत्काल जांच शुरू की गई।
जांच में सामने आया कि आरोपी और घायल किशोरी के बीच प्रेम प्रसंग था। बताया गया कि किशोरी ने आरोपी से बातचीत बंद कर दी थी, जिससे नाराज होकर आरोपी ने उसे खेत पर मिलने के लिए बुलाया। जब किशोरी वहां पहुंची तो दोनों के बीच विवाद हुआ। इसी दौरान आरोपी ने अवैध देशी कट्टे से किशोरी के सिर के पीछे गोली मार दी और मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1) के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने लगातार दबिश देकर 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस द्वारा आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त देशी कट्टा और कारतूस भी बरामद कर लिए गए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
थाना प्रभारी माधवी अग्निहोत्री ने बताया कि आरोपी नाबालिग है और उससे पूछताछ के दौरान प्रेम प्रसंग एवं बातचीत बंद होने के कारण घटना को अंजाम देने की बात सामने आई है।
इस मामले के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी में थाना सिमरिया की पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्रवाई में चौकी प्रभारी मड़ियादो उप निरीक्षक दीपक सिंह मंथरिया, चौकी प्रभारी मड़ियादो उप निरीक्षक बी.पी. अहिरवार, प्रधान आरक्षक सुशील मिश्रा, आरक्षक प्रभात सिंह, आरक्षक राहुल पटेल तथा आरक्षक जीवन स्वरूप पाठक का विशेष योगदान रहा।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी विवाद या व्यक्तिगत मतभेद को हिंसा का रूप न दें तथा ऐसी परिस्थितियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।













































