—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज दमोह—
*दमोह में कथित लव जिहाद का मामला आरोपी साहिल खान पर नाबालिग को प्रेमजाल में फंसाने का आरोप*
दमोह। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में कथित लव जिहाद का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में साहिल खान नामक युवक पर आरोप है कि उसने अपनी पहचान छुपाकर एक नाबालिग किशोरी से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर दोस्ती की और उसे प्रेमजाल में फंसाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवक और किशोरी के बीच सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क हुआ था। आरोप है कि साहिल खान ने अपनी वास्तविक पहचान छुपाते हुए किशोरी का विश्वास जीता और बाद में उसे अपने साथ ले जाकर मंदिर में विवाह कर लिया। विवाह से जुड़ी तस्वीरें और अन्य जानकारियां सामने आने के बाद परिजनों एवं हिंदू संगठनों को मामले की जानकारी मिली।
घटना की सूचना मिलते ही हिंदू जागरण मंच सहित विभिन्न हिंदू संगठनों के पदाधिकारी सक्रिय हुए। उन्होंने किशोरी को पुलिस के समक्ष प्रस्तुत कर कार्रवाई की मांग की। कोतवाली थाना पहुंचकर किशोरी के बयान दर्ज कराए गए, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कार्रवाई के दौरान हिंदू जागरण मंच के राहुल सिंह, संजय जैन, कपिलकांत नायक, विवेक, प्रभास शिवहरे, नित्या प्यासी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। संगठन के पदाधिकारियों ने आरोपी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की अपेक्षा जताई।
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। किशोरी की उम्र, विवाह से संबंधित तथ्यों, सोशल मीडिया बातचीत और अन्य साक्ष्यों का परीक्षण किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।












































