Home » अपराध » Mp » *ग्राम दतला का दबंग सरपंच पुत्र सहित दोनों पक्ष के लोग हुए घायल*

*ग्राम दतला का दबंग सरपंच पुत्र सहित दोनों पक्ष के लोग हुए घायल*

—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—

*दतला में सरिया काटने को लेकर विवाद सरपंच पुत्र सहित दो पक्षों में खूनी संघर्ष कई घायल*

*ग्राम दतला का दबंग सरपंच पुत्र सहित दोनों पक्ष के लोग हुए घायल*

दमोह। जिले के नोहटा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दतला में मकान निर्माण के लिए निकले सरिया काटने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। घटना में ग्राम के सरपंच पक्ष और दूसरे पक्ष के कई लोग घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से सरपंच पक्ष के गंभीर रूप से घायल लोगों को जबलपुर रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम दतला निवासी अमित सिंह लोधी पिता मुनीम सिंह लोधी (उम्र 16 वर्ष) एवं निमाबाई लोधी पति नारायण सिंह लोधी (उम्र 42 वर्ष) ने आरोप लगाया है कि उनके मकान निर्माण के दौरान निकले लोहे के सरियों को मजदूर बुलाकर काटा जा रहा था। कुछ सरिया पहले काट लिए गए थे, जबकि शेष सरिया काटने का कार्य जारी था। इसी दौरान ग्राम दतला के सरपंच भरत सिंह लोधी मौके पर पहुंचे और सरिया काटने को लेकर आपत्ति जताई।

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और सरपंच भरत सिंह लोधी ने गाली-गलौज शुरू कर दी। जब इसका विरोध किया गया तो सरपंच पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट हुई। घटना में दोनों पक्षों के कई लोगों को चोटें आई हैं।

घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कुछ लोग हाथों में लाठी-डंडे लिए दिखाई दे रहे हैं तथा मौके पर अफरा-तफरी का माहौल नजर आ रहा है। हालांकि वीडियो की आधिकारिक पुष्टि पुलिस द्वारा नहीं की गई है।

मारपीट की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घायल लोगों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि सरपंच भरत सिंह लोधी के पक्ष के कुछ लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जिन्हें जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर किया गया है।

वहीं अमित लोधी के परिवार के घायल सदस्यों का उपचार जिला अस्पताल दमोह में जारी है। इस संबंध में जिला अस्पताल के आरएमओ डॉ. दिवाकर पटेल ने बताया कि घटना में घायल व्यक्तियों को अस्पताल लाया गया था, जिनका उपचार किया गया। गंभीर घायलों को चिकित्सकीय सलाह पर उच्च स्तरीय उपचार के लिए रेफर किया गया है।

नोहटा थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है तथा जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

गांव में घटना के बाद तनाव का माहौल बना हुआ है, हालांकि पुलिस प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और शांति व्यवस्था कायम रखने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

इस खबर पर अपनी प्रतिक्रिया जारी करें

Leave a Comment

Share This