—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*सरकारी नलों पर अवैध कब्जा हटाने की मांग जनकल्याण शिविर में पहुंचे आवेदन*
मध्य प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप जनपद पंचायत बटियागढ़ में आयोजित तीन दिवसीय जनकल्याण शिविर में नागरिकों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। शिविर के दौरान कुल 2137 ऑनलाइन एवं ऑफलाइन आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से अधिकांश का निराकरण किया जा चुका है, जबकि शेष आवेदनों को संबंधित विभागों को कार्रवाई के लिए भेजा जा रहा है।
शिविर में पहुंचे आवेदक रूपेन्द्र सिंह ने बताया कि लगभग बारह दिन पूर्व उन्होंने विद्युत विभाग कार्यालय में अहिरवार बस्ती के ट्रांसफार्मर से जुड़ी समस्या तथा घरेलू विद्युत लाइन पर सिंचाई पंप कनेक्शन दिए जाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया था, लेकिन अब तक उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी विषय को लेकर उन्होंने जनकल्याण शिविर में पुनः आवेदन दिया है।
रूपेन्द्र सिंह ने एक अन्य महत्वपूर्ण समस्या उठाते हुए बताया कि ग्राम के कुछ सरकारी नलों और बोरों पर लोगों द्वारा अवैध कब्जा कर लिया गया है। आरोप है कि कई स्थानों पर नल उखाड़कर निजी उपयोग के लिए मोटर पंप लगा दिए गए हैं, जिससे सार्वजनिक जल आपूर्ति प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि पानी की सप्लाई बाधित होने की स्थिति में ग्रामीणों को गंभीर जल संकट का सामना करना पड़ सकता है।
उन्होंने यह भी आशंका जताई कि यदि सार्वजनिक बोरों को खुला छोड़ दिया गया तो भविष्य में बच्चों के गिरने जैसी दुर्घटनाओं का खतरा बना रहेगा। ऐसे में किसी अप्रिय घटना की जिम्मेदारी तय करना भी चुनौतीपूर्ण होगा। इस संबंध में उन्होंने प्रशासन से तत्काल जांच कर अवैध कब्जे हटाने और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
जनपद पंचायत बटियागढ़ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अश्वनी सिंह ने बताया कि शिविर में प्राप्त 2137 आवेदनों में से अधिकांश का निराकरण कर दिया गया है।
शेष आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजा जा रहा है और सभी मामलों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनकल्याण शिविर का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण कर उन्हें शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराना है।













































