—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*असाटी समाज दमोह ने मेधावी छात्र-छात्राओं का किया सम्मान 22 प्रतिभाओं को मिला सम्मान*
दमोह। नवयुवक मंडल असाटी समाज दमोह द्वारा मंगलवार को असाटी वार्ड-1 स्थित संस्कार भवन में मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कक्षा 10वीं एवं 12वीं के 22 छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि (आईपीएस), वन मंडल अधिकारी ईश्वर जरांडे, सीएसपी एच.आर. पांडे, कोतवाली थाना प्रभारी मनीष कुमार, सेवानिवृत्त शिक्षक पीतांबर असाटी, श्रीमती निशा राजेश असाटी, शिक्षिका एवं तहसीलदार श्रीमती विद्या दिनेश असाटी, समाजसेवी भगवान दास असाटी, विद्युत विभाग के सेवानिवृत्त अधिकारी के.एल. असाटी तथा समाज अध्यक्ष वीरेंद्र असाटी उपस्थित रहे।
दीप प्रज्ज्वलन के बाद नवीका असाटी एवं संस्कृति असाटी ने भगवान श्री गणेश की मनमोहक प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भर दिया। इसके बाद अतिथियों का पुष्पगुच्छ, स्मृति चिन्ह एवं शाल-श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया।
सम्मान समारोह के दौरान एमपी बोर्ड एवं सीबीएसई बोर्ड की 10वीं और 12वीं कक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले 22 छात्र-छात्राओं को मंच पर आमंत्रित कर सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि और डीएफओ ईश्वर जरांडे ने विद्यार्थियों को शील्ड, प्रशस्ति पत्र एवं उपहार प्रदान किए।
अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे निरंतर मेहनत करते रहें और जीवन में ऊंचे मुकाम हासिल करें। उन्होंने कहा कि भविष्य में समाज के ये होनहार विद्यार्थी भी विभिन्न क्षेत्रों में सफलता प्राप्त कर ऐसे ही मंचों की शोभा बढ़ाएं।
वन मंडल अधिकारी ईश्वर जरांडे ने विद्यार्थियों को करियर निर्माण और जीवन में सफलता के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहना चाहिए और आवश्यकता पड़ने पर वे उनके कार्यालय में आकर मार्गदर्शन भी प्राप्त कर सकते हैं।
कार्यक्रम का संचालन सुश्री शिवानी असाटी ने प्रभावशाली ढंग से किया, जिसकी सभी अतिथियों एवं समाजजनों ने सराहना की। समारोह के दौरान समाज भवन के जीर्णोद्धार एवं सामाजिक गतिविधियों में योगदान देने वाले वरिष्ठजनों के प्रति भी आभार व्यक्त किया गया।
अंत में नवयुवक मंडल के युवा अध्यक्ष विनय असाटी ने सभी वरिष्ठजनों, शिक्षकों, महिला समिति, महासभा पदाधिकारियों, पत्रकारों एवं युवा टीम के सदस्यों का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि समाज के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित कर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना नवयुवक मंडल का प्रमुख उद्देश्य है और भविष्य में भी शिक्षा, संस्कार एवं समाज उत्थान से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
कार्यक्रम के समापन पर युवा उपाध्यक्ष विवेक असाटी (अप्सरा) ने आभार प्रदर्शन किया।













































