—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*पटवारियों की 5 सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी, प्रांतीय प्रवक्ता नीरज चौरसिया बोले- मांगें पूरी होने तक आंदोलन रहेगा जारी*
दमोह। मध्यप्रदेश पटवारी संवर्ग की वर्षों से लंबित 5 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदेशव्यापी आंदोलन लगातार जारी है। इसी क्रम में दमोह जिले के पटवारी भी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। आंदोलन का नेतृत्व प्रांतीय प्रवक्ता नीरज चौरसिया एवं जिला अध्यक्ष कुंज बिहारी दुबे कर रहे हैं। हड़ताल स्थल पर जिलेभर के पटवारी बड़ी संख्या में मौजूद रहकर शासन के खिलाफ अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद कर रहे हैं।
प्रांतीय प्रवक्ता नीरज चौरसिया ने कहा कि पटवारी संवर्ग लंबे समय से अपनी जायज मांगों को शासन के समक्ष रखता आ रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। उन्होंने कहा कि जब तक सरकार मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती, तब तक आंदोलन और हड़ताल जारी रहेगी।
जिला अध्यक्ष कुंज बिहारी दुबे ने कहा कि प्रदेश के पटवारी पूरी निष्ठा के साथ शासन की विभिन्न योजनाओं और राजस्व कार्यों का संचालन करते हैं, लेकिन उनकी वर्षों पुरानी समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा है। इससे पूरे संवर्ग में भारी नाराजगी है।
पटवारी संघ ने शासन से जिन 5 प्रमुख मांगों को लेकर आंदोलन शुरू किया है, उनमें कैडर रिव्यू लागू कर पदोन्नति एवं समयमान वेतनमान का लाभ, नायब तहसीलदार पद के लिए विभागीय परीक्षा का आयोजन, जज प्रोटेक्शन एक्ट में पटवारियों को शामिल करना, वित्तीय लंबित भुगतानों का शीघ्र भुगतान तथा पदाधिकारियों के नियम-विरुद्ध किए गए स्थानांतरण निरस्त करना शामिल है।
संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि कई बार ज्ञापन, पत्राचार और विभिन्न माध्यमों से शासन का ध्यान इन मांगों की ओर आकर्षित कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। मजबूर होकर प्रदेशभर के पटवारियों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है।
हड़ताल के कारण जिले में राजस्व से जुड़े कई कार्य प्रभावित होने लगे हैं। पटवारी संघ ने स्पष्ट किया है कि यदि शासन जल्द सकारात्मक पहल नहीं करता, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने सरकार से शीघ्र वार्ता कर पटवारी संवर्ग की लंबित मांगों का समाधान करने की अपील की है।










































