—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*105 किमी लंबे फोरलेन मार्ग से बुंदेलखंड-महाकौशल की सड़क कनेक्टिविटी होगी मजबूत सांसद राहुल सिंह लोधी*
*दमोह-कटनी फोरलेन को मिली मंजूरी 4,470 करोड़ रुपये की लागत से बदलेगी कनेक्टिविटी की तस्वीर*
दमोह। दमोह और कटनी के बीच सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में बड़ी पहल हुई है। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को मंत्रालय में आयोजित मंत्रि-परिषद की बैठक में दमोह-कटनी के बीच 105 किलोमीटर लंबे फोरलेन मार्ग के निर्माण को मंजूरी प्रदान की गई।
लगभग 4,470 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना को क्षेत्र की सड़क सुविधाओं और आवागमन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
परियोजना को मंजूरी मिलने पर दमोह सांसद राहुल सिंह लोधी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दमोह को बेहतर और मजबूत सड़क नेटवर्क से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उनके अनुसार दमोह-कटनी फोरलेन बनने से दोनों शहरों के बीच आवागमन अधिक सुगम होगा और क्षेत्र को व्यापक स्तर पर बेहतर कनेक्टिविटी का लाभ मिल सकेगा।
दमोह-सागर फोरलेन को भी मिली है मंजूरी
सांसद राहुल सिंह लोधी ने बताया कि इससे पहले खजुराहो में आयोजित मंत्रि-परिषद की बैठक में दमोह-सागर के बीच 75 किलोमीटर लंबे फोरलेन मार्ग को मंजूरी मिली थी। उन्होंने कहा कि इस परियोजना का टेंडर ओपन हो चुका है और आगामी दो से तीन माह में निर्माण कार्य प्रारंभ होने की उम्मीद है।
दमोह-जबलपुर और दमोह-पन्ना कनेक्टिविटी पर भी जोर
सांसद ने बताया कि दमोह-जबलपुर फोरलेन को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी द्वारा स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। वहीं छतरपुर-बक्सवाहा से दमोह तक फोरलेन कनेक्टिविटी की दिशा में भी कार्य आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि इन सड़क परियोजनाओं के साथ उनका अगला संकल्प दमोह-पन्ना फोरलेन को आगे बढ़ाना है। विभिन्न दिशाओं में फोरलेन सड़क संपर्क विकसित होने से दमोह की आसपास के प्रमुख जिलों से कनेक्टिविटी और मजबूत होने की उम्मीद है।
व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को मिल सकती है गति
सांसद राहुल सिंह लोधी ने कहा कि बेहतर सड़क कनेक्टिविटी केवल आवागमन को आसान बनाने तक सीमित नहीं रहती, बल्कि इसका प्रभाव व्यापार, परिवहन, उद्योग और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों पर भी पड़ता है। दमोह-कटनी फोरलेन के निर्माण से बुंदेलखंड और महाकौशल क्षेत्र के बीच सड़क संपर्क मजबूत होगा तथा यात्रियों और परिवहन वाहनों के आवागमन में सुविधा बढ़ सकती है।
उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क नेटवर्क से क्षेत्र में रोजगार और व्यवसायिक गतिविधियों के विस्तार के अवसर भी बन सकते हैं। दमोह को विभिन्न दिशाओं में बेहतर सड़क मार्गों से जोड़ना क्षेत्र के समग्र विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण है।
‘बेहतर दमोह, कनेक्टिंग दमोह’ के संकल्प पर जोर
सांसद ने कहा कि ‘बेहतर दमोह, कनेक्टिंग दमोह’ के संकल्प के साथ वे लगातार सड़क और परिवहन से जुड़ी परियोजनाओं को आगे बढ़ाने के प्रयास कर रहे हैं। दमोह-कटनी फोरलेन की स्वीकृति को उन्होंने इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
उन्होंने इस परियोजना की मंजूरी के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लगभग 4,470 करोड़ रुपये की लागत वाली यह परियोजना दमोह संसदीय क्षेत्र सहित आसपास के क्षेत्रों के लिए सड़क अधोसंरचना के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

















