—प्रधान संपादक पंडित संदीप शर्मा एमपी अपडेट न्यूज़ दमोह—
*नशे में यात्री बस चलाना पड़ा भारी, दो चालकों पर ₹10-₹10 हजार का जुर्माना*
*दमोह यातायात पुलिस की सघन चेकिंग में पकड़ी गईं दो बसें लाइसेंस निलंबन के लिए RTO को भेजा जाएगा प्रकरण*

दमोह। सड़क सुरक्षा और यात्रियों की जान की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए दमोह यातायात पुलिस द्वारा शराब के नशे में वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत रात्रिकालीन चेकिंग के दौरान शराब के नशे में यात्री बस चलाते पाए गए दो चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
यातायात निरीक्षक श्रीमती आकांक्षा जोशी एवं यातायात पुलिस स्टाफ द्वारा की गई चेकिंग के दौरान यात्री बस क्रमांक MP-15-PA-1554 एवं MP-34-P-1166 को रोका गया। दोनों बस चालकों का ब्रेथ एनालाइजर से परीक्षण किया गया, जिसमें शराब के सेवन की पुष्टि हुई। पुलिस के अनुसार, नशे की हालत में यात्री बस चलाने से बस में सवार यात्रियों के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती थी।
यातायात पुलिस ने दोनों बसों को मौके पर जब्त कर संबंधित प्रकरण न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किए। मामले की सुनवाई के बाद माननीय न्यायालय द्वारा दोनों प्रकरणों में ₹10,000-₹10,000 का अर्थदंड लगाया गया। इस प्रकार दोनों चालकों पर कुल ₹20,000 का जुर्माना अधिरोपित किया गया।
लाइसेंस निलंबन के लिए RTO को भेजा जाएगा प्रकरण
पुलिस द्वारा बताया गया है कि भविष्य में इस प्रकार की गंभीर लापरवाही की पुनरावृत्ति रोकने के उद्देश्य से दोनों चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस के निलंबन की कार्रवाई के लिए संबंधित प्रकरण क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (RTO) को भेजा जा रहा है।
यात्रियों की सुरक्षा से समझौता नहीं
यातायात थाना प्रभारी दलबीर सिंह मार्को ने वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा कि शराब का सेवन कर वाहन चलाना स्वयं चालक के साथ-साथ यात्रियों और सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के लिए भी गंभीर खतरा है। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वाले चालकों और वाहन संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
उन्होंने सार्वजनिक एवं निजी वाहन चालकों से अपील की कि शराब पीकर किसी भी स्थिति में वाहन न चलाएं। यातायात पुलिस द्वारा आगे भी ड्रिंक एंड ड्राइव के विरुद्ध चेकिंग अभियान जारी रखते हुए नियमों का उल्लंघन करने वालों पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

















